शुक्रवार, 03 जुलाई, 2009 को 02:34 GMT तक के समाचार
भारत के लिएंडर पेस और ज़िम्बाब्वे की कारा ब्लैक की जोड़ी विंबलडन में मिक्स्ड डबल्स के सेमी फ़ाइनल में पहुँच गई है.
गुरुवार को चौथे दौर के मैच में पेस और कारा ब्लैक ने 11वीं वरीयता प्राप्त ब्राज़ील के आंद्रे सा और जापान की आई सुगियामा की जोड़ी को सीधे सेटों में 6-3 और 6-3 से मात दी.
मिक्स्ड डबल्स में शीर्ष वरीयता लिएंडर पेस और कारा ब्लैक ने बड़ी आसानी से आंद्र सा और आई सुगियामा को मात दे दी.
मैच एक घंटे से कुछ ज़्यादा समय में ही ख़त्म हो गया.
दबदबा
पहले सेट से ही पेस और ब्लैक ने कोर्ट पर अपना दबदबा क़ायम कर लिया था.
उन्होंने आसानी से सर्विस ब्रेक की और पहला सेट 6-3 से जीत लिया.
दूसरे सेट में भी कमोबेश यही स्थिति रही. पेस और ब्लैक ने दूसरे सेट में भी 6-3 से जीत हासिल की.
सेमी फ़ाइनल में अब पेस और ब्लैक का 12वीं वरीयता प्राप्त ऑस्ट्रेलिया के स्टीफेन हस और स्पेन वर्जीनिया रुआना पास्कल की जोड़ी से होगा.