रविवार, 04 जनवरी, 2009 को 14:58 GMT तक के समाचार
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के कप्तान केविन पीटरसन का कहना है कि उनके और कोच पीटर मूर्स के बीच मतभेद बहुत जल्द सुलझाए जाने चाहिए.
इन दोनों के बीच मतभेद गहरे होते जा रहे हैं क्योंकि मूर्स के कोच बनने के बाद टीम का प्रदर्शन काफ़ी ख़राब रहा है. पीटर मूर्स वर्ष 2007 में कोच बनाए गए थे.
पीटरसन ने मीडिया को बताया, "जो हालात हैं निश्चित तौर पर उसे अच्छा नहीं कहा जा सकता है."
कैरेबियाई दौरे से पहले
पीटरसन का कहना था, "हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि जितनी जल्द हो सके इस विवाद को समाप्त कर लिया जाए, निश्चित तौर से इस विवाद को वेस्ट इंडीज़ दौरे से पहले समाप्त हो जाना चाहिए."
दूसरी तरफ़ मूर्स ने इस विवाद पर कुछ भी बोलने से इनकार किया है. लेकिन बीबीसी स्पोर्टस का मानना है मूर्स अगले सप्ताह इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड के प्रबंध निदेशक ह्यूज मौरिस के साथ इस समस्या के हल के लिए पीटरसन के साथ बैठेंगे.
पिछले साल अगस्त महीने में माइकल वॉन के इस्तीफ़े के बाद पीटरसन को कप्तान बनाया गया था और कप्तानी स्वीकार करने के बाद से ही वो कोच के साथ असहज महसूस कर रहे थे.
इंग्लैंड की टीम 21 जनवरी कैरेबियाई दौरे पर जाने वाली है.