http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 29 दिसंबर, 2008 को 21:21 GMT तक के समाचार

हरभजन की ऑस्ट्रेलिया को सलाह

भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने ऑस्ट्रेलिया की टीम को सलाह दी है कि उन्हें बयानबाजी पर कम और खेल पर अधिक ध्यान देना चाहिए.

उन्होंने एक टीवी चैनल से बातचीत में कहा,'' लगता है कि वे बातें करने में ज्यादा ध्यान लगाते हैं जबकि दूसरी टीमें खेल पर अधिक ध्यान देती हैं.''

हरभजन का कहना था कि कोई भी टीम ऑस्ट्रेलिया को हरा सकती है.

हरभजन ने कहा,'' कोई भी टीम आस्ट्रेलिया को हरा सकती है. ऐसा नहीं है कि वह अन्य टीमों से बेहतरीन है या वह विश्वशक्ति है. अन्य टीमें भी बेहतर हो रही हैं और ये देखकर अच्छा लगता है कि अन्य टीमें उस पर दबदबा बना रही हैं.''

इधर ऑस्ट्रेलियाई टीम पर दक्षिण अफ्रीका के ख़िलाफ़ खेली जा रही सिरीज़ में हार का ख़तरा मंडरा रहा है.

यदि वह ये टेस्ट हार जाती है तो उसकी आईसीसी रैंकिंग पर संकट उत्पन्न हो जाएगा.

पिछले टेस्ट में भी दक्षिण अफ़्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को हरा दिया था.

उल्लेखनीय है कि आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया की टीम अभी नंबर एक पर है.