http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 20 दिसंबर, 2008 को 09:39 GMT तक के समाचार

सेमीफ़ाइनल में हार गईं साइना

साइना नेहवाल मलेशिया में चल रही वर्ल्ड सिरीज़ सुपर मास्टर्स बैडमिंटन प्रतियोगिता के सेमीफ़ाइनल से बाहर हो गई हैं.

दुनिया की छवे नंबर की खिलाड़ी हाँगकाँग की चेन वोंग ने 21-15, 14-21 और 21-16 से साइना को मात दी.

वोंग ने अपने स्मैश और बेहतरीन नेट प्ले के दम पर साइना को पहले सेट में घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया.

लेकिन 18 वर्षीय शाइना ने संभलते हुए दूसरा सेट 21-14 से अपने नाम कर लिया.

रोमांच से भरपूर तीसरे सेट में दोनों ने एक-दूसरे को पछाड़ने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन वोंग साइना पर भारी पड़ीं.

साइना ने हरसंभव कोशिश की लेकिन वोंग के आगे उनकी एक न चली. वोंग के सामने साइना असहाय नज़र आईं.

इससे पहले शुक्रवार को दुनिया की दसवीं नंबर की खिलाड़ी साइना ने मलेशिया की मियू चू वोंग को हराकर इतिहास रचा था.

इस प्रतियोगिता के सेमीफ़ाइनल में पहुँचने वाली वह पहली भारतीय खिलाड़ी हैं.