http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 19 अगस्त, 2008 को 22:59 GMT तक के समाचार

दारोमदार फिर बल्लेबाज़ों पर

पहले एक दिवसीय मैच में बुरी तरह हार का सामना करने वाली भारतीय टीम के पास बुधवार को श्रीलंका से स्कोर बराबर करने का मौक़ा होगा और दूसरे एक दिवसीय मैच में भी दारोमदार बल्लेबाज़ों पर होगा.

ऐसे समय में भारत को एक बुरी ख़बर पहले ही मिल चुकी है कि प्रारंभिक बल्लेबाज़ वीरेंदर सहवाग चोट के कारण पूरी वनडे सिरीज़ से बाहर हो गए हैं.

इसके चलते यह ज़रुरी होगा कि भारत अपने बल्लेबाज़ों के क्रम पर एक बार फिर गंभीरता से नज़र डाल ले.

श्रीलंका के ख़िलाफ़ पहले वनडे में भारत को आठ विकेट से हार का सामना करना पड़ा था.

ज़िम्मेदारी की उम्मीद

पहले टेस्ट सीरिज़ हार चुकी टीम ने वनडे में भी ख़राब शुरुआत की है. लेकिन इसका अंत अच्छा बनाने के लिए ज़रुरी होगा कि कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ख़ुद और उनकी पूरी टीम थोड़ा ज़्यादा ज़िम्मेदारी से बल्लेबाज़ी करें.

टेस्ट मैच में दोहरा शतक जमाने वाले सहवाग के न रहने पर नज़र उपकप्तान युवराज सिंह पर टिकी होंगी जिन्होंने अभ्यास मैच में 172 रनों की शानदार पारी खेली थी.

ओपनर गौतम गंभीर से उम्मीद होगी कि वे क्रीज़ पर टिककर पारी की एक ज़िम्मेदार शुरुआत करें तो नए बल्लेबाज़ों से भी हुनर दिखाने की उम्मीद भी होगी.

कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने माना है कि पहले मैच में उनसे पिच को पढ़ने में ग़लती हुई थी.

यह ग़लती शायद वे दोबारा न करें लेकिन श्रीलंका की टीम एक बार फिर अपने पाँच विशेषज्ञ गेंदबाज़ों के साथ मैदान पर उतरेगी.

भारतीय बल्लेबाज़ों को एक बार फिर अजंता मेंडिस की गेंदों का सामना करना पड़ेगा और मुरलीधरन अपनी फिरकी से उन्हें परेशान करेंगे.

सोमवार को खेले गए पहले वनडे में भारतीय गेंदबाज़ मुनाफ़ पटेल की ख़ासियत यह रही कि उन्होंने सनत जयसूर्या और कुमार संगकारा को रोके रखा.

यही चुनौती दूसरे मैच में भी बनी रहेगी.

संभावित टीमें

भारत: गौतम गंभीर, इरफ़ान पठान, सुरेश रैना, युवराज सिंह, महेंद्र सिंह धोनी, रोहित शर्मा, विराट कोहली, प्रज्ञान ओझा, हरभजन सिंह, ज़हीर ख़ान और मुनाफ़ पटेल.

श्रीलंका: सनत जयसूर्या, कुमार संगकारा, महेला जयवर्धने, चमारा कापुगदेरा, चमारा सिल्वा, तिलकरत्ने दिलशान, चमिंडा वास, नुवन कालसेकरा, थिलन तुषार, अजंता मेंडिस, मुतैया मुरलीधरन.