गुरुवार, 08 मई, 2008 को 21:08 GMT तक के समाचार
आईपीएल लीग के कम स्कोर वाले लेकिन रोमांचक मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने एक बार फिर बंगलौर रॉयल चैलेंजर्स को पाँच रनों से हरा दिया है.
कोलकाता के ईडन गार्डन्स में हुए इस मैच में सौरभ गांगुली की टीम नाइट राइडर्स ने 129 रन बनाए थे लेकिन राहुल द्रविड़ की टीम रॉयल चैलेंजर्स 124 रनों पर ही धराशाई हो गई.
रॉयल चैलेंजर्स पर यह नाइट राइडर्स की लगातार दूसरी जीत है.
गुरुवार को बारिश की वजह से मैच देर से शुरु हुआ और इसके कारण मैच को 20 की जगह 16 ओवरों का कर दिया गया था.
कोलकाता की शुरुआत अच्छी नहीं थी और उसका पहला विकेट तीसरे ओवर में नौ रनों के योग पर ही गिर गया था. दूसरा विकेट भी अगले ही ओवर में गिर गया जब हॉज को ज़हीर ख़ान की गेंद पर कुंबले ने लपक लिया.
कप्तान गांगुली पारी को संभालने की कोशिश कर रहे थे लेकिन 20 रन जोड़ने के बाद वे रन आउट हो गए.
हसी ने तीन छक्कों और एक चौके की मदद से 26 रनों की तेज़ और अच्छी पारी खेली. वे बाद में अपनी टीम के सबसे ज़्यादा स्कोर करने वाले बल्लेबाज़ भी साबित हुए.
नाइट राइडर्स की पारी सात विकेट गँवाकर 129 रनों पर सिमटी.
इसके जवाब में रॉयल चैलेंजर्स की शुरुआत भी बहुत अच्छी नहीं रही और 17 रनों के स्कोर पर टीम ने चंद्रपॉल का विकेट गँवा दिया.
कप्तान राहुल द्रविड़ ने टीम के लिए पाँच ही रन जोड़े और दूसरे कप्तान गांगुली के हाथों बोल्ड हो गए.
मार्क बाउचर ने 40 गेंदों में 50 रनों की नाबाद और ज़िम्मेदार पारी खेली लेकिन वे मैच को बचाने में सफल नहीं हो सके.
निर्धारित 16 ओवरों में रॉयल चैलेंजर्स चार विकेट गँवाकर सिर्फ़ 124 रन ही बना सके.
नाइट राइडर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया था.
सौरभ गांगुली को 20 रन बनाने और तीन ओवरों में सात रन देकर एक विकेट लेने के लिए मैन ऑफ़ द मैच चुना गया.