शुक्रवार, 07 अक्तूबर, 2005 को 10:38 GMT तक के समाचार
भारत की सानिया मिर्ज़ा ने शीर्ष वरीयता प्राप्त रूस की वीरा ज़्वोनरिएवा को हरा कर जापान ओपन टेनिस प्रतियोगिता के सेमीफ़ाइनल में जगह बना ली है.
प्रतियोगिता में आठवीं वरीयता प्राप्त सानिया ने शीर्ष वरीयता प्राप्त ज़्वोनरिएवा को 5-7, 6-2 और 6-4 से हराया.
अब सेमीफ़ाइनल में उनकी भिड़ंत फ़्रांस की तातियाना गोलोविन से होगी.
गोलोविन ने क़्वार्टर फ़ाइनल में जापान की अई सुगियामा को तीन सेटों में 3-6, 6-2 और 6-2 से हराया.
सानिया मिर्ज़ा ने अपनी जीत के बाद कहा, "मैं समझती हूँ मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ मैच खेला है. वो पहली वरीयता प्राप्त हैं, और मुझे ख़ुशी है कि मैं अपने ढंग से खेल पाई."
ज़्वोनरिएवा ने भी सानिया के खेल की तारीफ़ की है.
ज़्वोनरिएवा ने कहा, "वह एक अच्छी खिलाड़ी है. लेकिन मेरे लिए तो महत्वपूर्ण था अपने खेल पर ध्यान लगाना. लेकिन मैं पूरे मैच में अच्छा खेल नहीं सकी."
अन्य सेमीफ़ाइनल में दूसरी वरीयता प्राप्त चेक गणतंत्र की निकोल वाइडिसोवा का मुक़ाबला चौथी वरीयता प्राप्त रूस की मारिया किरिलेंको से होगा.