
बोल्ट ने लगातार दूसरी बार ओलंपिक में 100 और 200 मीटर की रेस जीती है.
दुनिया के सबसे तेज़ धावक यूसेन बोल्ट ने अपने जश्न को विराम देते हुए अमरीकी चैंपियन धावक कार्ल लुई की कड़ी निंदा की है.
लंदन के ओलंपिक स्टेडियम में 200 मीटर का स्वर्ण जीत लगातार 100 और 200 मीटर खिताब बरकरार रखने वाले यूसेन बोल्ट ने गुरुवार को कहा कि मेरे दिल में कार्ल लुई के लिए कोई इज़्जत नहीं बची है.
हाल ही में कार्ल लुई का एक बयान आया था जिसमें उन्होंने कहा था कि जैमका के डोपिंग नियंत्रण तंत्र बाकि देशों जितने कड़े नहीं हैं.
100 और 200 मीटर के पूर्व चैंपियन रहे कार्ल लुई ने सीधे तौर पर तो कोई आरोप नहीं लगाए हैं, लेकिन उन्होंने हाल ही के वर्षों में कहा है कि जैमका के डोप टैस्टिंग नियमों को कठोर किए जाने की ज़रुरत है.
लुई के बयान से दुखी
"कार्ल ल्यूइस मेरे मन में आपके लिए कोई सम्मान नहीं है. मुझे लगता हैं कि वो सिर्फ लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करना चाहते हैं, क्योंकि कोई भी उनके बारे में बात नहीं करता है"
यूसेन बोल्ट
जब प्रेस वार्ता में बोल्ट से पूछा गया कि क्या आप अपनी तुलना कार्ल लुई से करना चाहेंगे या फिर महान जेसी ओवन से
तो अक्सर मुस्कुराते हुए प्रेस वार्ता में नज़र आने वाले बोल्ट के चेहरे से इस सवाल का जवाब देते वक्त मुस्कुराहट गायब हो चुकी थी.
ओलंपिक के नौ स्वर्ण पदक विजेता कार्ल लुई की आलोचना करते हुए बोल्ट ने कहा, मैं यहां अब कुछ बहुत विवादास्पद कहने वाला हूं. कार्ल लुई, मेरे मन में आपके लिए कोई सम्मान नहीं है. किसी ट्रैक खिलाडी़ का किसी दूसरे ट्रैक खिलाड़ी के बारे में ऐसा कहना अपमानजनक है. मुझे लगता हैं कि वो सिर्फ लोगों का ध्यान आकर्षित करना चाहते हैं क्योंकि कोई भी उनके बारे में बात नहीं करता है.
बोल्ट ने कहा, ये मेरे लिए बड़ा दुखदायक था जब मुझे पता चला कि वो क्या कह रहे हैं, वो बड़ा विचलित कर देने वाली बात थी. मेरे दिल में उनके लिए कोई सम्मान नहीं हैं, ज़रा भी नहीं.
जब बोल्ट से पूछा गया कि लुई के कौन से बयान ने उन्हें इतना दुखी कर दिया तो बोल्ट ने कहा, ये ड्रग्स के बारे में था, जो खिलाड़ी खेल से संन्यास ले चुका है, वो ऐसी बात करे तो दुख होता हैं. मैं समझता हूं कि ऐसा बयान देना दिखाता हैं कि वो लोगों का ध्यान आकर्षित करना चाहते हैं.
'जमैका के खिलाड़ी पाक-साफ'

कार्ल ल्यूइस ने 1984 ओलंपिक खेलों में 100 और 200 मीटर के खिलाब जीते थे.
गुरुवार को जब बोल्ट से पूछा गया कि क्या आप ये गारंटी दे सकते हैं कि जैमका के तीनों खिलाड़ी पाक साफ हैं
तो एक तरफ रजत पदक विजेता योहान ब्लेक और दूसरी तरफ कांस्य पदक विजेता वारेन वेयर के बीच में बैठे बोल्ट ने जवाब दिया, बिना किसी शक के, हम कड़ा अभ्यास करते हैं.
बोल्ट ही ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने एक ही ओलंपिक में 100 और 200 मीटर के खिताब लगातार दो बार जीते हैं.
हालांकि कार्ल लुई ने 1984 ओलंपिक खेलों में 100 और 200 मीटर के खिलाब जीते थे, लेकिन 1988 ओलंपिक खेलों में वो दूसरे स्थान पर थे.
कार्ल लुई ने 2008 के बीजिंग खेलों के बाद खेल पत्रिका 'स्पोर्टस इल्यूस्ट्रेटेड' को दिए इंटरव्यू में कहा था, जैमका जैसे देशों में रैंडम टेस्टिंग नहीं होती. महीनों तक उनके खिलाड़ियों की टेस्टिंग नहीं होती. मैं ये नहीं कहता कि कोई डोप कर रहा है, लेकिन सबको बराबरी का मौका मिलना चाहिए.










