
रिकी पोंटिंग ने 375 अंतराष्ट्रीय एकदिवसीय मैचों में 42 की औसत से कुल 13,704 रन बनाए हैं
ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज रिकी पोंटिंग का कहना है कि एकदिवसीय मैचों के लिए टीम में जगह नहीं मिलने के बाद वे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में खेलने की उम्मीद नहीं करते हैं.
साथ ही पोंटिंग का कहना है कि वो टेस्ट क्रिकेट खेलते रहना चाहते हैं.
पोंटिंग ने कहा, ''मैं ऑस्ट्रेलिया के लिए एकदिवसीय मैच खेलने की उम्मीद नहीं करता हूं.''
बीते साल मार्च में क्रिकेट विश्वकप के क्वॉर्टर फाइनल में भारत के हाथों शिकस्त के बाद पोंटिंग ने ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी छोड़ दी थी.
एक दिवसीय मैचों की मौजूदा त्रिकोणीय सिरीज में भारत और श्रीलंका के खिलाफ पांच मैचों में पोंटिंग ने सिर्फ 18 रन बनाए है.
इस वजह से उन्हें वनडे मैचों में ऑस्ट्रेलियाई टीम में आगे खेलने का उन्हें मौका नहीं दिया गया है.
'अभी भी उम्दा क्रिकेट खेल सकता हूं'
मौजूदा त्रिकोणीय सिरीज़ में घायल कप्तान माइकल क्लार्क की गैर-मौजूदगी में पोंटिंग ने दो मैचों में टीम की कमान संभाली थी.
इनमें से एक मैच में ऑस्ट्रेलिया को हार का सामना करना पड़ा जिसके बाद आगे के मैचों के लिए उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया है.
इस पर पोंटिंग का कहना है, ''मुझे टीम में शामिल नहीं किया गया, जो निराशाजनक है लेकिन मैं इसे स्वीकार करता हूं.''
उन्होंने कहा, ''ये कहना थोड़ा कठिन है कि मुझे रिटायर किया गया है, मुझे टीम से बाहर किया जाता रहा है, लेकिन अब मैं एकदिवसीय मैच खेलने की उम्मीद नहीं करता हूं. मुझे लगता है कि मैंने साबित किया है कि मैं अभी भी उम्दा क्रिकेट खेल सकता हूं.''
पोंटिंग की उम्र 37 वर्ष हो चुकी है. उन्होंने 375 अंतराष्ट्रीय एकदिवसीय मैचों में 42 की औसत से कुल 13,704 रन बनाए हैं.























