bbc.co.uk navigation

ब्रिस्बेन में भारत को मिली करारी शिकस्त

 रविवार, 19 फ़रवरी, 2012 को 18:03 IST तक के समाचार
भारत और ऑस्ट्रेलिया

आक्रामक अंदाज़ में गेंदबाज़ी करते हुए हिल्फेन्हास ने पांच विकेट झटके.

ब्रिस्बेन में रविवार को त्रिकोणीय सिरीज़ के एकदिवसीय मैच में भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 110 रनों की करारी हार झेलनी पड़ी है.

तेज़ गेंदबाज़ ब्रेट ली और बेन हिल्फेन्हास के आगे भारतीय टॉप आर्डर बुरी तरह लड़खड़ा गया. भारत के पहले तीन बल्लेबाज़ सिर्फ 16 रन के टीम स्कोर पर आउट हो गए.

मैच रेफरी ने धीमी ऑवर गति के कारण कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी पर एक मैच का प्रतिबंध लगाया है यानी कि धोनी श्रीलंका के खिलाफ मंगलवार को खेले जाने वाले एकदिवसीय मैच में नहीं खेलेंगे. इसके अलावा उन पर मैच फ़ीस का 40 फीसदी जुर्माना भी लगाया गया है, टीम के बाकी खिलाड़ियों पर 20 फीसदी का जुर्माना लगाया गया.

ऑस्ट्रेलिया टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी और भारत को 289 रनों का लक्ष्य दिया. इसके जवाब में भारतीय टीम ने खराब शुरुआत की और 178 रन पर ऑल आउट हो गई.

ब्रिसबेन मे हार के बाद अब तक सीबी सिरीज़ की अंक तालिका में दस अंकों के साथ शीर्ष पर रहा भारत दूसरे पायदान पर खिसक गया है. मैच जीतकर पांच अंकों की कमाई से ऑस्ट्रेलिया तालिका में 14 अंको के साथ सबसे ऊपर है. श्रीलंका सात अंकों के साथ तीसरे पायदान पर है.

क्लिक करें पूरा स्कोरकार्ड देखें...

आक्रामक अंदाज़ में गेंदबाज़ी करते हुए हिल्फेन्हास ने पांच विकेट झटके जबकि ब्रेट ली ने तीन विकेट लिए. हिल्फेन्हास को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार भी दिया गया.

खराब बल्लेबाज़ी

धोनी

कप्तान धोनी पर एक मैच का प्रतिबंध लगा है.

भारतीय पारी को शुरुआती झटके गौतम गंभीर और फिर तेंदुलकर के रूप में मिले. गंभीर पांच रन बनाकर पवेलियन लौट गए जबकि सचिन महज़ तीन रन पर आउट हो गए.

पवेलियन से बल्लेबाज़ों के आने-जाने का सिलसिला युवा बल्लेबाज़ रोहित शर्मा ने जारी रखा, वो क्रीज़ पर बिना समय बर्बाद किए शून्य के निजी स्कोर पर आउट हो गए.

सुरैश रैना और विराट कोहली ने मैच संभालने की कोशिश तो की पर वो भी ज्यादा देर तक क्रीज़ पर टिक नहीं पाए.

कोहली 12 रन के स्कोर पर आउट हुए, तो रैना 28 के स्कोर पर विकेट के पीछे मुस्तैदी से खड़े मैथ्यू वेड को अपना कैच थमा बैठे.

सिरीज़ में पिछले कुछ मैचों की तरह इस बार भी भारतीय कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी अकेले दम पर मोर्चा संभालने लिए जूझते रहे, लेकिन हिल्फेन्हास की एक सनसनाती गेंद पर वो भी कैच उड़ा बैठे. धोनी ने भारत के लिए सबसे ज्यादा 56 रन बनाए.

ऑस्ट्रेलियाई पारी

ऑस्ट्रेलिया के लिए पहले बल्लेबाज़ी करने उतरे मैथ्यू वेड और डेविड वार्नर की जोड़ी ने अच्छी बल्लेबाज़ी करते हुए 70 रनों की सांझेदारी की.

वेड 45 और वार्नर 43 रनों के निजी स्कोर पर आउट हुए.

माइकल क्लार्क के चोटिल होने के चलते उनकी जगह ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी कर रहे रिकी पॉंटिंग सात रन के निजी स्कोर पर ज़हीर खान की गेंद पर कैच आउट हो गए.

बल्लेबाज़ माइकल हसी कई जीवनदान के बाद क्रीज़ पर देर तक बने रहे और 59 के निजी स्कोर पर आउट हुए.

पारी खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर पांच विकेट के नुकसान पर 288 रन रहा.

क्षेत्ररक्षण में भी भारत प्रभावी नहीं दिखा, पारी की दूसरी ही गेंद पर रोहित शर्मा ने मैथ्यू वेड का कैच छोड़ दिया. इसके अलावा भारतीय खिलाड़ियों के खराब थ्रो के चलते ऑस्ट्रेलिया को कई अतिरिक्त रन लेने का मौका मिला.

सिरीज़ के फाइनल में जगह बनाने के लिहाज़ से ब्रिस्बेन मैच को काफी अहम माना जा रहा था. अब भारत और श्रीलंका 21 फरवरी को ब्रिसबेन में भिड़ेंगे.

इससे जुड़ी और सामग्रियाँ

इसी विषय पर और पढ़ें

BBC © 2012 बाहरी वेबसाइटों की विषय सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है.

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.