bbc.co.uk navigation

श्रीलंका को ऑस्ट्रेलिया पर जीत और बोनस

 शुक्रवार, 17 फ़रवरी, 2012 को 19:23 IST तक के समाचार
महेला जयवर्द्धने

महेला जयवर्द्धने ने कप्तानी पारी खेली

ऑस्ट्रेलिया में जारी त्रिकोणीय क्रिकेट शृंखला में मेज़बान टीम को बड़े अंतर से हराकर श्रीलंका ने फ़ाइनल में जगह बनाने की उम्मीदें बरक़रार रखी हैं.

बारिश से प्रभावित मैच 41 ओवरों का कर दिया गया जिसमें ऑस्ट्रेलियाई टीम 158 रनों पर सिमट गई थी. इसके बाद डकवर्थ लुइस नियम के तहत श्रीलंका को जीत के लिए 152 रनों की ज़रूरत थी.

श्रीलंका ने 25वें ओवर में ये जीत हासिल करके इस शृंखला की पहली जीत दर्ज की और साथ ही एक बोनस अंक भी हासिल किया.

कप्तान महेला जयवर्द्धने ने 67 गेंदों में 61 रन बनाए और नॉट आउट रहे जबकि दूसरे सलामी बल्लेबाज़ तिलकरत्ने दिलशान ने 41 गेंदों में 45 रन बनाए.

उधर कुमार संगकारा ने 30 रन की पारी में कुल 10 हज़ार वनडे रन पूरे किए. तिसारा परेरा को मैन ऑफ़ द मैच चुना गया.

टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया की ये लगातार दूसरी हार थी क्योंकि इससे पहले उन्हें भारत के विरुद्ध हार का सामना करना पड़ा था.

रिकी पॉन्टिंग

रिकी पॉन्टिंग ने क्लार्क के घायल होने की वजह से कप्तानी की

इस मैच में रिकी पॉन्टिंग ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी कर रहे थे और माइकल क्लार्क के अब भी घायल होने की वजह से रविवार को भारत के विरुद्ध होने वाले मैच में भी कप्तानी का ज़िम्मा पॉन्टिंग के ही पास रहेगा.

सिडनी क्रिकेट मैदान पर ऑस्ट्रेलिया ने इससे पहले इतना बुरा प्रदर्शन 1997 में किया था.

एक समय मेज़बान टीम 88 रनों पर छह विकेट के स्कोर पर थी मगर उसके बाद डेविड हसी ने 58 रन बनाकर टीम को एक बेहतर स्कोर तक पहुँचाया.

टूर्नामेंट में सभी टीमें अब तक चार-चार मैच खेल चुकी हैं जिसके बाद भारत 10 अंकों के साथ पहले नंबर पर, ऑस्ट्रेलिया नौ अंकों के साथ और श्रीलंका सात अंकों के साथ है.

इससे जुड़ी और सामग्रियाँ

इसी विषय पर और पढ़ें

BBC © 2012 बाहरी वेबसाइटों की विषय सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है.

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.