
पिछली बार जोकोविच और मरे के बीच अंतिम मुक़ाबला हुआ था
ब्रिटेन के एंडी मरे ने भरपूर शक्ति लगाई, लेकिन आख़िर में वे नोवाक जोकोविच को हरा नहीं पाए और ऑस्ट्रेलियन ओपन के फ़ाइनल में जगह बनाने से वंचित हो गए.
ब्रिटेन ने नंबर वन खिलाड़ी एंडी मरे ने पहला सेट हारने के बाद ज़बरदस्त वापसी की और लगातार दो सेट जीते.
लेकिन मौजूदा चैम्पियन और शीर्ष वरीयता प्राप्त सर्बिया केजोकोविच ने पलटवार किया और चार घंटे पचास मिनट लंबे खेल में मरे को 6-3, 3-6, 6-7, 6-1 और 7-5 से हरा दिया.
अब फ़ाइनल में नोवाक जोकोविच की टक्कर दूसरी वरीयता प्राप्त स्पेन के रफ़ाएल नडाल से होगी. नडाल ने सेमी फ़ाइनल में रोजर फ़ेडरर को हराया था.
'सर्वश्रेष्ठ खेलों में से एक'
"मैं एक बार फिर फ़ाइनल में पहुँचकर काफ़ी ख़ुश हैं. ये शारीरिक शक्ति वाला मैच था, जो क़रीब पाँच घंटों तक चला. एंडी मरे को इस बात का श्रेय मिलना चाहिए कि उन्होंने मैच में वापसी की. हम दोनों मैच में संघर्ष कर रहे थे. ये मेरे सर्वश्रेष्ठ मैचों में से एक था"
नोवाक जोकोविच
मौजूदा चम्पियन जोकोविच ने कहा, "मैं एक बार फिर फ़ाइनल में पहुँचकर काफ़ी ख़ुश हैं. ये शारीरिक शक्ति वाला मैच था, जो क़रीब पाँच घंटों तक चला. एंडी मरे को इस बात का श्रेय मिलना चाहिए कि उन्होंने मैच में वापसी की. हम दोनों मैच में संघर्ष कर रहे थे. ये मेरे सर्वश्रेष्ठ मैचों में से एक था."
पहले सेट में ही जोकोविच ने एंडी मरे की सर्विस ब्रेक कर दी और 3-1 से बढ़त हासिल कर ली. जोकोविच ने आसानी से पहला सेट जीत लिया.
दूसरे सेट में भी वे एक समय 2-0 से आगे थे. लग रहा था जैसे मरे इस सेट में भी पिछड़ जाएँगे. लेकिन तीसरे गेम में दो ब्रेक प्वाइंट बचाने के बाद मरे जैसे मैच में वापस आ गए.
ये इस सेट में टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ. मरे ने न सिर्फ़ अपनी सर्विस बचाई, बल्कि 4-2 से बढ़त भी हासिल कर ली. ये बढ़त 5-3 की हुई और फिर 6-3 से सेट जीतकर मरे ने अपना दम दिखाया.
तीसरा सेट दमदार हुआ, जहाँ दोनों खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को ज़बरदस्त टक्कर दी. नतीजा सेट टाई ब्रेकर में गया और यहाँ मरे ने आसानी से जोकोविच को पीछे छोड़ दिया.
मुक़ाबला काफ़ी रोमांचक हो गया था और पहला सेट हारने के बाद एंडी मरे दो सेट जीत चुके थे. लेकिन जोकोविच कहाँ पीछे रहने वाले थे. एकदम सही समय पर उन्होंने मैच में वापसी की.
चौथा सेट जोकोविच के दमदार खेल का प्रतीक था और एंडी मरे उनके आगे कहीं नज़र नहीं आ रहे थे. मरे पर थकान का भी कुछ असर था, लेकिन जोकोविच पूरे फ़ॉर्म में थे.
जोकोविच ने चौथा सेट 6-1 से जीतकर मैच में वापसी की और समर्थकों में जीत की उम्मीद ज़िंदा रखी. पाँचवें और निर्णायक सेट में एंडी मरे मनोवैज्ञानिक रूप से पिछड़ते नज़र आने लगे और ग़लतियाँ करने लगे.
दो सर्विस ब्रेक करके जोकोविच ने 5-2 की बढ़त हासिल कर ली थी. लेकिन ऐन वक़्त पर एंडी मरे ने जोकोविच की रफ़्तार पर ब्रेक लगाई और स्कोर 5-5 तक पहुँचा दिया. जोकोविच ने 6-5 किया और सही समय पर एंडी मरे की सर्विस ब्रेक करके फिर फ़ाइनल में जगह बना ली.
इस जीत के साथ ही जोकोविच ऑस्ट्रेलियन ओपन के फ़ाइनल में पहुँच गए, जहाँ रविवार को उनका मुक़ाबला रफ़ाएल नडाल से होगा.

















