
सचिन को शतकों के शतक के लिए सिर्फ़ एक और शतक की ज़रुरत है
एडिलेड टेस्ट के दूसरे दिन रिकी पोंटिंग और माइकल क्लार्क के दोहरे शतक की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने मैच पर पकड़ बना ली है.
ऑस्ट्रेलिया के 604 रन के स्कोर के जवाब में भारत ने दो विकेट ज़ल्दी गवां दिए, लेकिन सचिन तेंदुलकर अभी खेल रहे हैं.
ना सिर्फ़ भारतीय प्रशंसक बल्कि ऑस्ट्रेलियाई दर्शक भी सचिन का सौवां शतक एडिलेड में देखने की उम्मीद कर रहे हैं.
इससे पहले, पोंटिंग और क्लार्क ने चौथे विकेट के लिए बेहतरीन 385 रनों की साझेदारी निभाई. दोनों ने पहले सत्र में तेज़ी से रन बनाए और दोहरा शतक पूरा किया.
लेकिन लंच के बाद भारतीय गेंदबाज़ों को थोड़ी सफलता मिली. ऑस्ट्रेलिया ने सात विकेट पर 604 रन बनाकर पारी घोषित की.
बल्लेबाज़ी के लिए बढ़िया पिच पर भारतीय टीम से संभल कर खेलने की उम्मीद थी. लेकिन सहवाग सिडल की फ़ुलटॉस गेंद पर उन्हें वापस कैच थमा बैठे.
राहुल द्रविड़ भी कुछ ख़ास नहीं कर सके और एक बार फिर बोल्ड आउट हुए. पिछली 11 पारियों में वो 9वीं बार बोल्ड आउट हुए हैं.
इस पिच पर रन भरे पड़े थे, लेकिन भारत के दो दिग्गज बल्लेबाज़ जिस तरह आउट हुए, उनकी आलोचना होना तय है.
ऑस्ट्रेलियाई टीम श्रृंखला को 4-0 से जीतना चाहती है और कप्तान क्लार्क के मुताबिक़ उनकी टीम ऐसा करने की स्थिति में आ गई है.
उन्होंने कहा, ''हम चाहते थे कि कम से कम 600 रन बन जाए. इसके बाद हमने दो महत्वपूर्ण विकेट भी ले लिए. लेकिन इस पिच पर विकेट लेना आसान नहीं है, इसलिए हमें कल ख़ूब मेहनत करनी पड़ेगी.''
क़िस्मत का साथ

ईशांत शर्मा के शब्दों में, क्रिकेट एक अजीब खेल है
वहीं ईशांत शर्मा का कहना है कि क़िस्मत भारतीय टीम का साथ नहीं दे रही है. कई कैच छूट गए या ऐसी जगह गिरे जहां फ़ील्डर मौज़ूद नहीं थे. लेकिन फिर भी उन्होंनें उम्मीद नहीं छोड़ी है.
उन्होंने कहा, ''क्रिकेट एक अजीब खेल है, इसमें कुछ भी हो सकता है. हो सकता है कि कल सभी बल्लेबाज़ अच्छा खेलें और निचले क्रम के बल्लेबाज़ भी शतक लगा सकते हैं जैसा अश्विन ने वेस्टइड़ीज़ के ख़िलाफ़ लगाया था.''
भारतीय टीम ने वर्ष 2003 में इसी मैदान पर ऑस्ट्रेलिया को 500 से ज़्यादा रन बनाने के बावज़ूद हराया था. उस मैच में द्रविड़ ने दोहरा शतक जबकि लक्ष्मण ने शतक लगाया था.
लेकिन द्रविड़ पहली पारी में आउट हो गए हैं, पर लक्ष्मण और सचिन तेंदुलकर अभी भी क़माल कर सकते हैं.
सचिन नाबाद खेल रहे हैं और दिन के खेल के बाद एडिलेड ओवल में भारतीय या ऑस्ट्रेलियाई जिससे भी बात की, सभी तेंदुलकर के शतक की कामना कर रहे हैं.
























