
एडिलेड की बेहतरीन बैटिंग विकेट पर ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी की और टेस्ट मैच के पहले ही दिन एक बार फिर मैच पर कड़ी पकड़ बना ली है.
दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने तीन विकेट पर 335 रन बना लिए थे. पोंटिंग 137 और कप्तान माइकल क्लार्क 140 रन बनाकर क्रीज़ पर डटे हुए हैं.
भारतीय टीम सिरीज़ में लगातार चौथी बार ऑस्ट्रेलिया के सामने कमज़ोर टीम साबित हो रही है लेकिन टीम के ऑफ़ स्पिनर रवि अश्विन का कहना है कि लगातार तीन हार के बावजूद टीम शर्मसार नहीं है और सबकुछ अच्छा चल रहा है.
मंगलवार सुबह एडिलेड टेस्ट के पहले दिन 21 हज़ार से अधिक दर्शक मैच देखने पंहुचे जो भारत-ऑस्ट्रेलिया मैच के लिए पहले दिन का रिकॉर्ड है.
नहीं टूटी साझेदारी
दर्शकों को ऑस्ट्रेलिया से बेहतरीन क्रिकेट की उम्मीद थी, और हुआ भी वैसा ही.
शुरुआत में हालांकि ऑस्ट्रेलिया को तीन झटके लगे. धोनी की जगह कप्तानी कर रहे विरेंदर सहवाग ने पहले पांच ओवर के अंदर ही ऑफ़ स्पिनर रवि अश्विन को गेंद थमा दी.
सहवाग की ये चाल काम करती भी नज़र आई जब ऑस्ट्रेलिया ने पहले तीन विकेट जल्दी खो दिए. ज़हीर खान ने पहले डेविड वार्नर को आउट किया और उसके बाद अश्विन ने मार्श और कॉवन को पवेलियन भेज दिया.
लंच तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर था 98 रन पर तीन विकेट और सिरीज़ में पहली बार भारतीय किसी सत्र में ऑस्ट्रेलिया पर भारी पड़ती लग रही थी.
लंच के बाद भारत की उम्मीद क्लार्क और पोंटिंग की जोड़ी तोड़ने से बंधी थी, लेकिन ऑस्ट्रेलिया की अनुभवी जोड़ी ने भारत को कोई मौका नहीं दिया.
सिडनी में दोनों ने साथ मिलकर 288 रनों की साझेदारी निभाई थी, और एडिलेड में जब खेल खत्म हुआ तो दोनों ने साथ मिलकर 251 रन जोड़ लिए.
दिन का खेल ख़त्म होने पर पोंटिंग और क्लार्क दोनों शतक बनाकर खेल रहे थे.
'निराश नहीं'

खेल के बाद संवाददाता सम्मेलन में अश्विन ने कहा कि पहले कुछ ओवरों में गेंद करने के लिए सहवाग ने उन्हें मैच से पहले नहीं बताया था और ये फैसला मैच कि स्थिति को देखते हुए लिया गया था.
अश्विन का कहना है कि पहले दिन स्पिनरों को पिच से ज़्यादा मदद नहीं मिली है. साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि तीन मैच हारने के बाद और चौथे मैच में भी ऑस्ट्रेलिया के दबाव बनाने बावजूद ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ी हतोत्साहित नहीं है.
उनका कहना है कि टीम में सबकुछ ठीक है और ये कोई शर्म की बात नहीं है.
वहीं रिकी पोंटिंग ने अपना 41वां टेस्ट शतक लगाया और सभी को बता दिया कि उनमें अभी बहुत क्रिकेट बाकी है और वो जल्द ही रिटायर नहीं करने वाले हैं.
























