
जोकोविक ने नडाल को हराकर विंबलडन खिताब जीता है.
सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने विंबलडन टेनिस के पुरुषों के फ़ाइनल में रफाएल नडाल को हरा कर अपना पहला विंबलडन खिताब जीत लिया है.
दूसरी वरियता प्राप्त 24 वर्षीय जोकोविच ने रोमांचक मैच में स्पेन के नडाल को करारी शिकस्त दी.
पहले दो सेटों में जोकोविच ज़बर्दस्त फॉर्म में दिखे और उन्होंने 6-4, 6-1 से आसान जीत दर्ज़ की.
तीसरे सेट में नडाल ने अपना कमाल दिखाना शुरु किया और जोकोविच को काफ़ी परेशान किया.
जब आप नडाल जैसे सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के साथ खेलते हैं जिन्होंने पिछले तीन विंबलडन जीते हैं और मुझे बार बार ग्रैंड स्लैम हरा चुके हैं तो मुझे सबसे अच्छा खेलने की कोशिश करनी थी. मुझे लगता है कि मैंने घास के मैदान पर अपना सबसे बेहतरीन खेल दिखाया
विंबलडन विजेता जोकोविक
तीसरे सेट में नडाल ने जोकोविच को 6-1 से हरा दिया. मैच के दौरान जोकोविच काफी शांतचित्त दिखे जबकि पहला दो सेट हारने के बाद नडाल काफ़ी उत्तेजित थे.
चौथे और आखिरी सेट में जोकोविच ने नडाल को हावी नहीं होने दिया और लगातार अंक बनाते रहे.
आखिरी सेट जोकोविच ने 6-3 से जीत लिया.
इसके साथ ही जोकोविच ने विंबलडन का खिताब अपने नाम कर लिया है और वो विश्व रैंकिंग में पहले नंबर पर भी पहुंच गए हैं.
जीत के बाद जोकोविच का कहना था, ‘‘ यह मेरे जीवन का सबसे अच्छा दिन है. इसके अलावा मेरे पास शब्द नहीं है.मैने हमेशा विंबलडन जीतने का सपना देखा था. जब आप नडाल जैसे सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के साथ खेलते हैं जिन्होंने पिछले तीन विंबलडन जीते हैं और मुझे बार बार ग्रैंड स्लैम हरा चुके हैं तो मुझे सबसे अच्छा खेलने की कोशिश करनी थी. मुझे लगता है कि मैंने घास के मैदान पर अपना सबसे बेहतरीन खेल दिखाया.’’
नडाल ने हार के बाद जोकोविच को बधाई दी और कहा कि वो समझ सकते हैं कि जोकोविच कैसा महसूस कर रहे होंगे.
नडाल का कहना था, ‘‘सबसे पहले तो जोकोविच को बधाई. विंबलडन हमेशा से विशेष रहा है मेरे लिए. मुझे याद है जब मैं पहली बार जीता था 2008 में तो कितना भावुक हो गया था. मैं समझ सकता हूं जोकोविच को कैसा लग रहा होगा. यह विशेष दिन है और मैं उन्हें बधाई देता हूं.’’
दूसरे स्थान का पुरस्कार लेते हुए नडाल की आंखों में आंसू थे जबकि जोकोविच के हाथों में पहला पुरस्कार और मुस्कुराहट.














