चोटों से चिंतित हैं कप्तान धोनी

मुनाफ़ का दाहिना हाथ चोटिल है और इस हफ़्ते ज़्यादातर दिन वो मैदान से बाहर रहे हैं.

घायल खिलाड़ियों की चिंताओं से जूझ रही भारतीय टीम वेस्ट इंडीज़ के ख़िलाफ़ सोमवार से टेस्ट श्रृंखला की शुरूआत कर रही है.

जमैका की उछाल भरी पिच पर होनेवाले पहले टेस्ट मैच के लिए कप्तान महेंद्र सिंह धोनी वहां पहुंच गए हैं.

लेकिन सलामी बल्लेबाज़ मुरली विजय और गेंदबाज़ मुनाफ़ पटेल का खेलना मुश्किल लग रहा है.

यदि इन दोनों में से कोई भी नहीं खेल पाता है तो टीम के लिए ये बड़ा धक्का होगा क्योंकि टीम के तीन वरिष्ठ बल्लेबाज़, सचिन, सहवाग और गंभीर, और प्रमुख गेंदबाज़ ज़हीर ख़ान इस दौरे पर आए ही नहीं हैं.

मुरली विजय को पहली ही नेट प्रैक्टिस के दौरान दाहिने हाथ में एक उठती हुई गेंद से चोट लगी और वो शनिवार को एक्स-रे के लिए गए.

मुनाफ़ इस हफ़्ते ज़्यादातर दिन मैदान से दूर ही रहे हैं क्योंकि एक दिवसीय श्रृंखला के दौरान उनके दाहिने हाथ में भी चोट लग गई थी.

कप्तान धोनी की चिंताएं बढ़ी हुई हैं.

ज़ाहिर है कप्तान धोनी चिंतित हैं.

उनका कहना था, “ये ज़रूरी है कि ये दोनों खिलाड़ी फ़िट हो जाएं नहीं तो टीम पर इसका असर होगा. क्योंकि इसमें आप चार या 10 ओवर नहीं फेंक रहे होंगे, इसमें 25 ओवर तक फेंकने पड़ सकते हैं और इसके लिए ज़रूरी है कि आपके अच्छे गेंदबाज़ 70-80 फ़ीसदी फ़िट हों.”

नए गेंदबाज़ कर्नाटक के अभिमन्यु मिथुन भी वीज़ा की दिक्कतों की वजह से पहले टेस्ट के लिए नहीं पहुंच पाए हैं.

भारत को वेस्ट इंडीज़ में तीन टेस्ट खेलने हैं और फिर इंग्लैंड में चार टेस्ट. उसके बाद टीम को ऑस्ट्रेलिया जाना है जहां उन्हें चार टेस्ट खेलने हैं.


वेस्ट इंडीज़ ने टेस्ट मैचों के लिए भी क्रिस गेल को बाहर रखा है और उनको नहीं शामिल किया जाना विवाद का विषय बना हुआ है.

bbc.co.uk navigation

BBC © 2012 बाहरी वेबसाइटों की विषय सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है.

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.