
वेस्टइंडीज़ ने भारत के ख़िलाफ़ पाँच वनडे मैचों की सिरीज़ का आख़िरी मैच सात विकेट से जीत लिया है. लेकिन वेस्टइंडीज़ की इस जीत के बावजूद भारत 3-2 से सिरीज़ जीत गया.
एक समय इस सिरीज़ में भारत 3-0 से आगे थे, लेकिन आख़िर के दोनों वनडे वो बुरी तरह हारा.
जमैका में हुए इस पाँचवें वनडे मैच में भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 251 रन बनाए. भारत की पूरी टीम 47.3 ओवर में आउट हो गई.
भारत की ओर से विराट कोहली ने बेहतरीन पारी खेली, लेकिन दुर्भाग्यशाली रहे और 94 रन बनाकर रन आउट हुए. रोहित शर्मा ने एक बार फिर अच्छे हाथ दिखाए और 57 रन बनाए.
प्रदर्शन
पूरी सिरीज़ में अच्छे प्रदर्शन के लिए तरस रहे यूसुफ़ पठान ने 30 रनों की पारी खेली. लेकिन भारत की टीम पूरे 50 ओवर नहीं खेल पाई.

विराट कोहली ने 94 रनों की पारी खेली
वेस्टइंडीज़ की ओर से आंद्रे रसेल ने चार विकेट लिए जबकि केमार रोच और केरॉन पोलार्ड ने दो-दो विकेट लिए.
252 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही वेस्टइंडीज़ की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. लेंडल सिमंस सिर्फ़ छह रन बनाकर और एड्रियन बैरेथ 17 रन बनाकर आउट हो गए.
लेकिन उसके बाद रामनरेश सरवन और डैरेन ब्रैवो ने बेहतरीन साझेदारी की. भारतीय गेंदबाज़ विकेट लेने को तरसते रहे. रामनरेश सरवन मांसपेशी खिंच जाने के बाद रिटायर्ड हर्ट हुए, उस समय उन्होंने 75 रन बनाए थे.
लेकिन ब्रैवो ने बेहतरीन बल्लेबाज़ी जारी रखी और 86 रन बनाकर आउट हुए. सैमुएल्स और पोलार्ड ने तेज़ी से रन बटोरकर जीत की औपचारिकता पूरी की.
पोलार्ड ने धमाकेदार पारी खेली और सिर्फ़ 13 गेंदों पर 24 रन बनाए. सैमुएल्स भी 28 रन बनाकर नाबाद रहे.
चार विकेट लेने वाले आंद्रे रसेल को मैन ऑफ़ द मैच और पूरी सिरीज़ में अच्छी बल्लेबाज़ी करने वाले रोहित शर्मा को मैन ऑफ़ द सिरीज़ का पुरस्कार मिला.














