
क्लाइस्टर्स ने इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन जीता था
बेल्जियम की किम क्लाइस्टर्स ने साल की सबसे प्रतिष्ठित ग्रैंड स्लैम टेनिस प्रतियोगिता विंबलडन से हटने का फ़ैसला किया है. उन्होंने यह फ़ैसला अपने पैर की चोट के कारण किया है.
मौजूदा यूएस ओपन और ऑस्ट्रेलियन ओपन चैम्पियन किम क्लाइस्टर्स ने एक बयान जारी करके यह जानकारी दी है.
बयान में उन्होंने कहा है, "मैं बहुत निराश हूँ कि मुझे पैर की चोट के कारण विंबलडन से अपना नाम वापस लेना पड़ रहा है."
मंगलवार को डेन बॉश टेनिस प्रतियोगिता के दौरान किम क्लाइस्टर्स को चोट लग गई थी.
दुख
क्लाइस्टर्स ने इस पर दुख जताया कि उनकी पसंदीदा प्रतियोगिता से पहले उन्हें चोट लग गई.
किम क्लाइस्टर्स के विंबलडन से हटने के कारण रूस के वेरा ज्योनरेवा को विंबलडन में दूसरी वरीयता मिल गई है.
दो साल के संन्यास के बाद वर्ष 2009 में किम क्लाइस्टर्स ने टेनिस कोर्ट पर वापसी की थी और यूएस ओपन का ख़िताब भी जीत लिया था.
लेकिन उनका दूसरा दौर चोट से भी प्रभावित रहा है. हालाँकि इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन के फ़ाइनल में उन्होंने चीन की ली ना को हराकर ख़िताब जीता था.














