गेल को नहीं मिली टीम में जगह

क्रिस गेल

भारत के ख़िलाफ़ दो वनडे मैचों में मिली हार के बाद भी धाकड़ सलामी बल्लेबाज़ और पूर्व कप्तान क्रिस गेल को वेस्टइंडीज़ की टीम में जगह नहीं मिली है.

तीसरे एक दिवसीय मैच के लिए घोषित टीम में क्रिस गेल का नाम नहीं है. वेस्टइंडीज़ क्रिकेट बोर्ड के साथ उनका विवाद चल रहा है.

विश्व कप के बाद पाकिस्तान के साथ घरेलू सिरीज़ में क्रिस गेल को टीम में शामिल नहीं किया गया, जिसके बाद क्रिस गेल ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में हिस्सा लिया और सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बने.

इसके बाद उम्मीद जताई जा रही थी कि भारत के ख़िलाफ़ सिरीज़ में उन्हें मौक़ा दिया जाएगा लेकिन ऐसा हुआ नहीं. पहले वनडे मैच में हार के बाद रामनरेश सरवन जैसे वरिष्ठ खिलाड़ी ने कहा था कि टीम में गेल की कमी महसूस की जा रही है.

विवाद

लेकिन पहले दो वनडे मैचों में मिली हार के बावजूद क्रिकेट बोर्ड ने गेल को टीम में शामिल नहीं किया है. दरअसल क्रिस गेल ने एक रेडियो इंटरव्यू में चयनकर्ताओं को काफ़ी खरी खोटी सुनाई थी, जिसकी वजह से क्रिकेट बोर्ड के साथ उनके रिश्ते अच्छे नहीं रह गए हैं.

भारत और वेस्टइंडीज़ के बीच तीसरा एक दिवसीय मैच एंटिगा में शनिवार को खेला जाएगा. तीसरे एक दिवसीय मैच के लिए घोषित वेस्टइंडीज़ की टीम में दो बदलाव किए गए हैं.

ड्वेन ब्रैवो ने आराम की मांग की थी. उनकी जगह टीम में जमैका के डांज़ा हयात तो जगह मिली है तो तेज़ गेंदबाज़ रवि रामपॉल की जगह केमार रोच को टीम में शामिल किया गया है.

पहले वनडे में भारत चार विकेट से और दूसरे वनडे में सात विकेट से जीता था. पाँच वनडे मैचों की सिरीज़ में भारत 2-0 से आगे है.

bbc.co.uk navigation

BBC © 2012 बाहरी वेबसाइटों की विषय सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है.

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.