रोनाल्डो ने लिया संन्यास

रोनाल्डो

दुनिया के बेहतरीन फ़ुटबॉल खिलाड़ियों में से एक ब्राज़ील के रोनाल्डो ने अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कह दिया है. बुधवार को उन्होंने ब्राज़ील की ओर से अपना आख़िरी अंतरराष्ट्रीय मैच खेला.

रोमानिया के ख़िलाफ़ मैच में उन्हें आख़िरी 15 मिनट के लिए मैदान पर उतारा गया. दर्शकों की तालियों के बीच रोनाल्डो ने सबका आभार व्यक्त किया.

उन्हें गोल करने के कुछ सुनहरे मौक़े भी मिले, जिन्हें उन्होंने गँवा दिए. रोनाल्डो के दिल में एक कसक ज़रूर रह गई.

मैच के बाद उन्होंने कहा कि वे अपने आख़िरी मैच में गोल करके उन सभी लोगों को एक तोहफ़ा देना चाहते थे, जिन्होंने उन्हें बहुत कुछ दिया है.

करियर

34 वर्षीय रोनाल्डो का करियर शानदार रहा है. हालाँकि अपने करियर के आख़िरी दौर में रोनाल्डो का तेज़ क़रीब-क़रीब ख़त्म हो गया था.

ब्राज़ील के साथ अंतरराष्ट्रीय मैचों के अलावा यूरोपीय लीग में भी रोनाल्डो का जलवा चला. पीएसवी आइंडहोवेन, बार्सिलोना, इंटर मिलान, रियाल मैड्रिड और एसी मिलान की ओर से रोनाल्डो को खेलने का मौक़ा मिला.

वर्ष 2009 में रोनाल्डो ब्राज़ील लौट गए. वर्ष 1994 और 2002 में वे ब्राज़ील की विश्व विजेता टीम के सदस्य थे. वर्ष 2002 में अपनी टीम को विश्व कप जिताने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

जर्मनी में वर्ष 2006 में हुए विश्व कप में रोनाल्डो ने 15 गोल मारे थे. वर्ष 1996 और 2002 में उन्हें यूरोपीय फ़ुटबॉलर ऑफ़ द ईयर चुना गया. 1996, 1997 और 2002 में उन्हें फ़ीफ़ा वर्ल्ड फ़ुटबॉलर ऑफ़ द ईयर चुना गया.

अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में उन्होंने ब्राज़ील के लिए 97 मैच खेले और 62 गोल किए.

bbc.co.uk navigation

BBC © 2012 बाहरी वेबसाइटों की विषय सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है.

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.