Advertisement

'कोई दूसरा सचिन नहीं हो सकता'

सचिन तेंदुलकर

सचिन के सर्वाधिक रन और सर्वाधिक शतक के रिकॉर्ड हैं

दुनिया के महानतम स्पिनरों में से एक और सर्वाधिक विकेट लेने वाले श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन ने अपने अंदाज़ में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 20 साल पूरे करने पर बधाई दी है.

श्रीलंका की टीम इस समय भारत दौरे पर आई है और महान मुथैया मुरलीधरन भी इस टीम का हिस्सा हैं.

बीस साल पहले 15 नवंबर को ही सचिन तेंदुलकर ने पाकिस्तान के ख़िलाफ़ टेस्ट खेलकर अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी.

सचिन को बधाई देते हुए मुरलीधरन ने कहा कि दूसरा सचिन कभी नहीं होगा.

सचिन पर एक नज़र

जन्म: 24 अप्रैल, 1973

पहला टेस्ट: 15-20 नवंबर, 1989 (पाकिस्तान के ख़िलाफ़, कराची में)

पहला वनडे: 18 दिसंबर, 1989 (पाकिस्तान के ख़िलाफ़, गुजराँवाला में)

अहमदाबाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुरलीधरन ने कहा, "मैंने अख़बारों में पढ़ा हूँ कि मुंबई के एक लड़के ने हाल ही में 400 रन बनाए हैं. अख़बारों का कहना है कि वो दूसरा सचिन बनने जा रहा है. कोई ऐसा कैसे कह सकता है."

उन्होंने कहा कि कोई दूसरा सचिन कभी नहीं होगा. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले मुरलीधरन ने कहा कि आप किसी तेंदुलकर को जीवन में एक बार ही देख पाते हैं.

मुरलीधरन ने कहा, "ऐसा खिलाड़ी 100 साल में कहीं एक होता है. वे 44 साल की आयु में भी रन बना सकते हैं. क्योंकि उनकी तकनीक बहुत अच्छी है."

सचिन के रिकॉर्ड

सर्वाधिक टेस्ट रन: 12773

सर्वाधिक वनडे रन: 17178

सर्वाधिक टेस्ट शतक: 42

सर्वाधिक वनडे शतक: 45

50 या उससे ज़्यादा का सर्वाधिक टेस्ट स्कोर: 95

50 या उससे ज़्यादा का सर्वाधिक वनडे स्कोर: 136

सर्वाधिक वनडे मैन ऑफ़ द मैच पुरस्कार: 60

वनडे में सर्वाधिक रनों की साझेदारी: 331

टेस्ट और वनडे में सर्वाधिक चौके: 3458

उन्होंने कहा कि उनके पास सचिन के लिए कहने को कुछ नया नहीं है लेकिन उनके ख़िलाफ़ खेलना मेरे लिए सम्मान की बात रही है.

मुरलीधरन ने कहा कि क्रिकेट की दुनिया में सचिन तेंदुलकर दूसरों से ख़ास हैं.

सचिन की पसंदीदा पारियों के बारे में पूछे जाने पर मुरली कहते हैं- किसी एक को कहना कम ही है. लेकिन उन्हें बल्लेबाज़ी करते देखना सुखद होता है.

सचिन तेंदुलकर ने 20 साल पहले 15 नवंबर को अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर की शुरुआत की थी. सामने थी भारत की चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान की टीम और मैदान था कराची का नेशनल स्टेडियम.

तब से सचिन तेंदुलकर 20 सालों में 436 वनडे मैच और 159 टेस्ट मैच खेल चुके हैं. टेस्ट और वनडे में सर्वाधिक शतक और सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड सचिन के नाम है.

बीबीसी को जानिए

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.