
भारत के स्टार क्रिकेट खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर 15 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 20 साल पूरे कर लिए.
15 नवंबर 1989 में 16 साल के इस किशोर ने पाकिस्तान के ख़िलाफ़ कराची में पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेला. उसके बाद से ये सिलसिला लगातार जारी है.
इस दौरान सचिन ने हर मुमकिन रिकॉर्ड अपने नाम किया. उन्होंने सर्वाधिक टेस्ट रन बनाए हैं ( 12773), सबसे ज़्यादा टेस्ट शतक जड़े हैं (42). वनडे मैचों में उन्होंने 17 हज़ार का आँकड़ा पार कर लिया है और कुल 45 शतक लगा चुके हैं.
इन 20 सालों में भारतीय क्रिकेट पर सचिन का दबदबा रहा है.
क्रिकेट में 20 साल पूरे होने के मौके पर कई जाने-माने खिलाड़ियों ने सचिन को बधाई दी है. श्रीलंका के बल्लेबाज़ महेला जयवर्धने ने कहा है कि सचिन की सबसे अच्छी बात ये है कि आज भी उनमें रनों की भूख बरकरार है.
सचिन को बधाई
सोलह साल की उम्र में पहला मैच खेलना और 20 साल तक टिके रहना, ये अविश्वनिय बात है. हम उम्मीद करते हैं कि आने वाले कुछ समय तक वे ऐसा ही खेलते रहें
सौरव गांगुली
वहीं भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली ने भी सचिन को बधाई दी है. कोलकाता में गांगुली ने कहा, "सोलह साल की उम्र में पहला मैच खेलना और 20 साल तक टिके रहना, ये अविश्वनिय बात है. हम उम्मीद करते हैं कि आने वाले कुछ समय तक वे ऐसा ही खेलते रहें."
सचिन उन 15 खिलाड़ियों में शामिल हैं जिनका अंतरराष्ट्रीय करियर 20 साल तक चला है.
भारतीय टीम के मुख्य चयनकर्ता श्रीकांत ने सचिन को विश्व का सबसे लोकप्रिय क्रिकेट खिलाड़ी बताया. उन्होंने कहा कि अपनी विनम्रता, सादगी और लगन की वजह से सचिन यहाँ तक पहुँच पाएँ हैं.
स्कूल के दिनों से सचिन अपनी क्रिकेट प्रतिभा के लिए पहचाने जाने लगे थे. 1988 में स्कूल में उन्होंने विनोद कांबली के साथ मिलकर 664 रनों की साझेदारी की थी.
सचिन इनदिनों अच्छी फॉर्म में चल रहे हैं और ऑस्ट्रेलिया के साथ सिरीज़ में उन्होंने शानदार पारी खेली थी. पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, मैं क्रिकेट का आनंद ले रहा हूँ और अभी मुझमें काफ़ी क्रिकेट बाक़ी है.
भारत अब श्रीलंका के साथ क्रिकेट सिरीज़ खेलने वाला है और अपने करियर के 21वें साल में सचिन से लोगों को बहुत उम्मीदे हैं.



















