
संदीप सिंह से कप्तानी छीन ली गई है
अर्जेंटीना में दिसंबर में होने वाली चैम्पियंस चैलेंज हॉकी टूर्नामेंट के लिए राजपाल सिंह को भारतीय टीम का कप्तान बनाया गया है.
राजपाल संदीप सिंह का स्थान लेंगे. छह से 13 दिसंबर तक होने वाली इस प्रतियोगिता के लिए 21 सदस्यीय भारतीय टीम का चयन हुआ है.
आठ देशों की ये प्रतियोगिता काफ़ी महत्वपूर्ण है क्योंकि इस प्रतियोगिता की विजेता टीम अगले साल होने वाली चैम्पियंस ट्रॉफ़ी हॉकी प्रतियोगिता के लिए क्वालीफ़ाई कर लेगी.
हॉकी इंडिया की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में राजपाल सिंह के कप्तान चुने जाने की जानकारी दी गई है. लेकिन ये नहीं बताया गया है कि संदीप सिंह को क्यों हटाया गया.
कार्यक्रम
चैम्पियंस चैलेंज प्रतियोगिता के लिए भारत को पूल ए में रखा गया है. इस पूल में भारत के साथ बेल्जियम, चीन और न्यूज़ीलैंड की टीमें हैं.
पूल बी में मेज़बान अर्जेंटीना, कनाडा, दक्षिण अफ़्रीका और पाकिस्तान की टीमें हैं.
भारतीय टीम अपना पहला मैच छह दिसंबर को न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ खेलेगी.
आठ दिसंबर को भारत का दूसरा मैच चीन से और 10 दिसंबर को बेल्जियम से होगा. प्रतियोगिता का फ़ाइनल 13 दिसंबर को खेला जाएगा.



















