
इस साल सौरभ गांगुली से कप्तानी छीन ली गई थी
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अगले सत्र के लिए भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली को एक बार फिर कोलकाता नाइट राइडर्स का कप्तान बनाया गया है.
गांगुली न्यूज़ीलैंड के ब्रैंडन मैकुलम का स्थान लेंगे. इस साल आईपीएल में आख़िरी स्थान पर आने वाली कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम के नए कोच होंगे डेव व्हाटमोर.
दिल्ली रणजी टीम के कोच विजय दाहिया को सहायक कोच बनाया गया है.
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अकरम को कोलकाता नाइट राइडर्स टीम का सलाहकार बनाया गया है.
बयान
कोलकाता नाइट राइडर्स बॉलीवुड स्टार शाहरुख़ ख़ान की टीम है. इस टीम में जूही चावला का भी पैसा लगा हुआ है.
पिछले कुछ सप्ताहों के दौरान टीम प्रबंधन ने कई दौर की बैठकें की. काफ़ी विचार-विमर्श के बाद टीम प्रबंधन ने डेव व्हाटमोर को नया कोच नियुक्त करने का फ़ैसला किया है
टीम प्रबंधन का बयान
कोलकाता नाइट राइडर्स टीम प्रबंधन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि एंड्रयू लिपस को फ़िजियो और एड्रियन ली रॉक्स को ट्रेनर नियुक्त किया गया है.
बयान में कहा गया है, "पिछले कुछ सप्ताहों के दौरान टीम प्रबंधन ने कई दौर की बैठकें की. काफ़ी विचार-विमर्श के बाद टीम प्रबंधन ने डेव व्हाटमोर को नया कोच नियुक्त करने का फ़ैसला किया है."
सौरभ गांगुली ने उम्मीद जताई है कि नई नियुक्तियों और नई रणनीति के साथ टीम आने वाले सत्र में अच्छा प्रदर्शन करेगी.
















