
सचिन की बेहतरीन पारी काम नहीं आई
मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर की बेहतरीन पारी और सुरेश रैना की साहसिक बल्लेबाज़ी काम न आई और ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ एक रोमांचक मैच में भारत तीन रन से हार गया है.
भारत को जीत के लिए 351 रनों की आवश्यकता थी लेकिन भारत की पूरी टीम दो गेंद पहले ही 347 रन बनाकर आउट हो गई.
इस जीत के साथ ही सात एक दिवसीय मैचों की सिरीज़ में ऑस्ट्रेलिया की टीम 3-2 से आगे हो गई है.
सचिन तेंदुलकर ने हैदराबाद वनडे के दौरान न सिर्फ़ वनडे मैचों में अपने 17 हज़ार रन पूरे किए बल्कि शानदार शतक भी लगाया. लेकिन वे भारत को जीत नहीं दिला सके.
जब भारत का स्कोर 332 रन था, सचिन 175 रन बनाकर आउट हो गए. सचिन और सुरेश रैना जब पिच पर थे, तब भारत की जीतने की संभावनाएँ बढ़ गई थी.
सुरेश रैना और सचिन ने पाँचवें विकेट के लिए 137 रनों की साझेदारी की. सुरेश रैना 59 गेंदों पर 59 रन बनाकर आउट हुए.

ऑस्ट्रेलिया सिरीज़ में 3-2 से आगे हुआ
सचिन और रैना के अलावा वीरेंदर सहवाग ने 38 और रवींद्र जडेजा ने 23 रनों की पारी खेली.
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने निर्धारित 50 ओवर में चार विकेट के नुक़सान पर 350 रन बनाए.
ऑस्ट्रेलिया की ओर से शॉन मार्श ने 112 रन और शेन वॉटसन ने 93 रन बनाए. कैमरुन व्हाइट ने 57 और रिकी पोंटिंग ने 45 रन बनाए.
सचिन तेंदुलकर को शानदार पारी के लिए मैन ऑफ़ द मैच का पुरस्कार मिला.
भारतीय पारी
भारत को हैदराबाद वनडे में जीत के लिए विशाल लक्ष्य मिला था. भारत ने धमाकेदार शुरुआत भी की. सचिन तेंदुलकर और वीरेंदर सहवाग ने शानदार बल्लेबाज़ी शुरू की.

शॉन मार्श ने भी शतक लगाया
सहवाग ने अपने अंदाज़ में बल्लेबाज़ी की लेकिन वे एक बार फिर बड़ा स्कोर नहीं बना पाए. 30 गेंद पर 38 रन बनाकर वे पवेलियन लौट गए. उस समय भारत का स्कोर 66 रन था.
इसके बाद भारत को तीन बड़े झटके लगे. गौतम गंभीर आठ रन बनाकर, युवराज सिंह नौ रन बनाकर और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी छह रन बनाकर आउट हो गए.
लेकिन सचिन ने एक छोर संभाले रखा और रन गति भी बनाए रखी. 162 रन पर चार विकेट गँवाने के बाद सचिन का साथ निभाने पिच पर पहुँचे सुरेश रैना.
सुरेश रैना को एक जीवनदान मिला और उन्होंने उसका जम पर फ़ायदा भी उठाया. उन्होंने आक्रामक पारी खेली और कई बेहतरीन शॉट भी लगाए. इस बीच सचिन तेंदुलकर ने वनडे क्रिकेट में 45वाँ शतक लगाया.
सुरेश रैना और सचिन ने पाँचवें विकेट के लिए 137 रनों की साझेदारी की. रैना के आउट होने के बाद हरभजन सिंह बिना कोई रन बनाए आउट हो गए.
लेकिन भारत को तगड़ा झटका उस समय लगा जब सचिन तेंदुलकर 175 रन बनाकर आउट हो गए. उस समय भारत को जीत के लिए 19 रन बनाने थे.
सचिन के बाद रवींद्र जडेजा 23 रन बनाकर रन आउट हो गए, तो आशीष नेहरा सिर्फ़ एक रन ही बना पाए.
आख़िरी ओवर में भारत को जीत के लिए आठ रन बनाने थे. लेकिन रन लेने के चक्कर में दो गेंद रहते ही प्रवीण कुमार आख़िरी विकेट के रूप में आउट हो गए.













