
शेन वॉटसन ने बेहतरीन बल्लेबाज़ी और गेंदबाज़ी की
ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ जीत के लिए 251 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की पूरी टीम 226 पर सिमट गई.
ऑस्ट्रेलिया के शेन वाटसन को मैन ऑफ़ द मैच करार दिया गया.
मोहाली में खेले गए चौथे वनडे में ऑस्ट्रेलिया की जीत के साथ ही सिरीज़ 2-2 से बराबर हो गई है.
भारत की ओर से सर्वाधिक 40 रन सचिन तेंदुलकर ने बनाए और अंत में हरभजन और प्रवीण कुमार ने बल्ले से कुछ अच्छे हाथ दिखाए लेकिन उनके प्रयास काम नहीं आए.
हरभजन ने 31 रनों का योगदान दिया. ऑस्ट्रेलिया की ओर से बॉलिंजर ने तीन विकेट लिए.
भारत की शुरुआत अच्छी रही लेकिन सहवाग के आउट होने के बाद भारत के विकेट जल्दी जल्दी गिर गए हैं.
सचिन 17 हज़ार रनों के रिकार्ड से मात्र सात रन पीछे रह गए. वो 40 के निजी स्कोर पर पगबाधा आउट हुए.
इसके बाद सुरेश रैना और कप्तान धोनी भी जल्दी ही आउट हो गए.
गंभीर के चोटिल होने के कारण टीम में शामिल हुए विराट कोहली भी कुछ ख़ास नहीं कर सके और बस दस ही रन बना पाए.
सहवाग 30 रन बनाकर आउट हो गए थे लेकिन उन्होंने तेज़ गति से मात्र 18 गेंदों में रन बनाकर मज़बूत नींव रखी थी.
लेकिन भारत के मध्यमक्रम के बल्लेबाज़ विकेट पर टिक नहीं पाए.
ऑस्ट्रेलियाई पारी
इससे पहले भारत ने मोहाली वनडे में पूरी टीम को 250 रनों पर आउट कर दिया था.
ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 49.2 ओवरों में आउट हो गई. भारत का क्षेत्ररक्षण बेहतरीन रहा और ऑस्ट्रेलिया के चार बल्लेबाज़ रनआउट हुए हैं.
कप्तान पोटिंग और व्हाइट जैसे दिग्गज बल्लेबाज़ रन आउट हुए जबकि निचले क्रम में भी दो बल्लेबाज़ों को भारतीय टीम ने रन आउट कर दिया.
भारत ने टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया को पहले बल्लेबाज़ी के लिए आमंत्रित किया लेकिन ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही.
धीमी शुरुआत के बाद ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज़ मार्श मात्र पाँच रनों के निजी स्कोर पर आउट हो गए.
इसके बाद शेन वाटसन ने कुछ रन जोड़े लेकिन जब टीम का स्कोर 88 रनों पर था तब वाटसन को हरभजन ने धोनी के हाथों कैच कराया. वाटसन ने 52 गेंदों में 49 रन बनाए.
कप्तान रिकी पोंटिंग ने तेज़ बल्लेबाज़ी की और रन आउट होने से पहले 52 रन बनाए.
ऑस्ट्रेलिया की तरफ़ से सबसे सफल बल्लेबाज़ व्हाइट रहे जिन्होंने 71 गेंदों में 62 रन बनाए. व्हाइट ने हसी के साथ मिलकर चौथे विकेट की साझेदारी में 73 रन जोड़े. व्हाइट भी पोंटिंग की तरह रन आउट हो गए.
हसी ने 40 रन बनाए और उन्हें युवराज की गेंद पर ईशांत शर्मा ने बाउंड्री के पास कैच किया.
हसी के आउट होने के बाद ऑस्ट्रेलिया का कोई बल्लेबाज़ अधिक रन नहीं बना पाया और आखिरी के पाँच बल्लेबाज़ टीम के स्कोर पर 53 रन ही जोड़ पाए.
भारत की तरफ़ से सबसे सफल गेंदबाज़ रहे आशीष नेहरा जिन्होंने तीन विकेट लिए.
अब तक के परिणाम
मोहाली में हो रहा दिन-रात का ये मैच सात मैचों की श्रृंखला का चौथा मैच था.
पहला मैच वडोदरा में खेला गया था और ऑस्ट्रेलिया ने वो मैच चार रन से जीता था.
नागपुर में खेले गए दूसरे मुक़ाबले में भारतीय टीम ने 99 रनों से जीत हासिल की थी.
वहीं तीसरे वनडे में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को छह विकेट से हराकर सात मैचों की श्रृंखला में 2-1 की बढ़त बना ली थी.
लेकिन मोहाली में ऑस्ट्रेलिया की जीत के साथ ही श्रृंखला 2-2 से बराबर हो गई है.














