Advertisement

ऑस्ट्रेलिया की परेशानियाँ बढ़ीं

ब्रेट ली

ब्रेट ली अच्छे फ़ॉर्म में हैं मगर चोटग्रस्त होने की वजह से नागपुर वनडे में नहीं होंगे

भारत के विरुद्ध दूसरे एकदिवसीय मैच से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम को झटका लगा है. तेज़ गेंदबाज़ ब्रेट ली और मिचल जॉनसन चोट की वजह से इस मैच में नहीं खेल पाएँगे.

नागपुर में होने वाले इस मैच से पहले ली को कुहनी में और जॉनसन को एड़ी में चोट आई है.

ऑस्ट्रेलियाई टीम के मुख्य चयनकर्ता एंड्र्यू हिल्डिच ने बताया, "ब्रेट ली और मिचल जॉनसन दोनों की चोट पर दवाओं का असर तो हुआ है मगर हमारे मेडिकल स्टाफ़ ने फ़ैसला किया है कि हालात क़ाबू में रखने के लिए दोनों को नागपुर मैच से बाहर ही रखना होगा."

ऑलराउंडर जेम्स होप्स पहले से ही चोटग्रस्त हैं और माना जा रहा है कि वह कम से कम अगले दो मैच और नहीं खेल पाएँगे.

इसे देखते हुए ऑस्ट्रेलिया ने न्यू साउथ वेल्स के मोएज़ेज़ हेनिरीकेस को टीम में शामिल किया है.

चोट से परेशान टीम

ब्रेट ली पिछले दिनों फ़ॉर्म में लौटते हुए दिखे हैं और हाल ही में संपन्न हुई चैंपियंस ट्रॉफ़ी में वे अच्छी लय में थे.

हमारे मेडिकल स्टाफ़ ने फ़ैसला किया है कि ब्रेट ली और मिचल जॉनसन दोनों की चोट पर दवाओं का असर तो हुआ है मगर हालात क़ाबू में रखने के लिए दोनों को नागपुर मैच से बाहर ही रखना होगा

एंड्र्यू हिल्डिच, ऑस्ट्रेलियाई मुख्य चयनकर्ता

इसके अलावा हैदराबाद में हुए चैंपियंस लीग ट्वेन्टी-20 के फ़ाइनल में उन्होंने बल्ले और गेंद से अच्छी भूमिका निभाते हुए मैन ऑफ़ द मैच का पुरस्कार हासिल किया था.

ऑस्ट्रेलिया का मध्य क्रम माइकल क्लार्क के घायल होने की वजह से पहले ही कमज़ोर है इसके अलावा उसके प्रमुख विकेटकीपर ब्रैड हैडिन, तेज़ गेंदबाज़ नैथन ब्रैकन और बल्लेबाज़ कैलम फ़र्गुसन भी चोट की वजह से टीम में शामिल नहीं किए गए.

टीम में शामिल किए गए हेनरीकेस बुधवार को दिल्ली पहुँचेंगे और अगले दिन से टीम में शामिल होंगे.

बीबीसी को जानिए

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.