Advertisement

इमरान फ़रहत की टीम में वापसी

इमरान फ़रहत

इमरान फ़रहत को आईसीएल के साथ रिश्तों की वजह से टीम से बाहर किया गया था

न्यूज़ीलैंड के विरुद्ध एकदिवसीय और टेस्ट मैचों की शृंखला के लिए पाकिस्तान टीम में इमरान फ़रहत की वापसी हुई है. भारत में विद्रोही इंडियन क्रिकेट लीग या आईसीएल से संबंध तोड़ने के बाद उन्हें टीम में जगह दी गई है.

फ़रहत को अंतिम बार पाकिस्तान टीम में 2007 में शामिल किया गया था जब वह दक्षिण अफ़्रीका के विरुद्ध खेले थे. इसके बाद वह आईसीएल से जुड़ गए थे.

पाकिस्तान को न्यूज़ीलैंड के विरुद्ध तीन एकदिवसीय और दो ट्वेन्टी-20 मैचों की शृंखला संयुक्त अरब अमीरात में खेलनी है. इसके बाद टीम तीन टेस्ट मैचों के लिए न्यूज़ीलैंड जाएगी.

इस सिरीज़ के लिए पाकिस्तानी चयनकर्ताओं ने मिसबाह-उल-हक़ को टीम से बाहर कर दिया है.

भरोसेमंद सलामी जोड़ी

मुख्य चयनकर्ता इक़बाल क़ासिम ने गुरुवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "हमने मिसबाह को आराम देने का फ़ैसला किया है और उनके नाम पर ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए विचार किया जाएगा."

हमें एक भरोसेमंद सलामी जोड़ी खोजने में मुश्किल हो रही थी इसलिए हमने फ़रहत को एक और मौक़ा देने का फ़ैसला किया

इक़बाल क़ासिम, मुख्य चयनकर्ता

क़ासिम ने फ़रहत के बारे में कहा, "हमें एक भरोसेमंद सलामी जोड़ी खोजने में मुश्किल हो रही थी इसलिए हमने फ़रहत को एक और मौक़ा देने का फ़ैसला किया."

साथ ही टीम में तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद आसिफ़ और ऑल राउंडर अब्दुल रज़्ज़ाक़, सलमान बट और ख़ालिद लतीफ़ की भी वापसी हुई है.

यूनिस ख़ान एकदिवसीय और टेस्ट मैचों में टीम का प्रतिनिधित्त्व करेंगे जबकि ट्वेन्टी-20 में कमान शाहिद आफ़रीदी के हाथों में होगी.

बीबीसी को जानिए

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.