ननाओ और जय भगवान जीते

विजेंदर

ओलंपिक कांस्य पदक विजेता शनिवार को उतरेंगे रिंग में

भारत को विश्व बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में जय भगवान और ननाओ थोकचॉम सिंह ने आख़िरकार मुस्कराने का मौक़ा दिया है.

एक सितंबर से इटली के मिलान शहर में चल रही इस चैम्पियनशिप में ये दोनों भारतीय बॉक्सर अपने-अपने मैच जीतकर दूसरे राउंड में पहुंच गए हैं.

जय भगवान ने वेनेज़ुएला के ऐंजल रोड्रिगेज़ को लाइट वेट श्रेणी में हराकर दूसरे राउंड में प्रवेश किया. जय भगवान ने ये मैच 10-4 से जीता. वो दूसरे राउंड में आयरलैंड के एरिक डोनोवेन के साथ भिड़ेंगे.

ननाओ थोकचॉम सिंह ने अज़रबाइजान के एल्विन मामिशाड्ज़े को हराया है. ननाओ सिंह ने ये मुक़ाबला 21-6 से जीता.

जीत के अंतर से साफ़ हो जाता है कि इस मैच में भारतीय बॉक्सर ने अपने विरोधी पर पूरी तरह से दवाब बनाए रखा

हार

लेकिन भारत के लिए अखिल कुमार गुरुवार को इतने ख़ुशकिस्मत नहीं रहे. उन्हें डोमिनिकन रिपब्लिक के रोबर्टो गोंज़ालेज़ ने 16-2 से हराकर बाहर कर दिया.

57 किलोग्राम में सातवीं वरीयता प्राप्त अखिल कुमार ने बाद में कहा कि मुक़ाबले के शुरुआती पलों में ही उनकी दाहिनी कलाई में चोट आ गई, जिसका दर्द सहना उनके लिए मुश्किल हो रहा था.

अखिल कुमार के अलावा इस चैम्पियनशिप से भारत के सुरन्जॉय सिंह, मनोज कुमार और जीतेंदर कुमार बाहर हो चुके हैं.

बीजिंग ओलंपिक खेलों में भारत के लिए कांस्य पदक जीतने वाले और इस साल की राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार पाने वाले विजेंदर सिंह शनिवार को अपने पहले राउंड के मैच में कज़ाकिस्तान के अज़मत बेलगिबायेव के सामने होंगे.

bbc.co.uk navigation

BBC © 2012 बाहरी वेबसाइटों की विषय सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है.

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.