Advertisement

'सचिन तय करें संन्यास का समय'

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली का कहना है कि सचिन तेंदुलकर इस समय दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी हैं और वे जब तक चाहें, खेलना जारी रख सकते हैं.

सचिन तेंदुलकर

सचिन 15 हज़ार टेस्ट रन बनाना चाहते हैं

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके 36 वर्षीय सौरभ गांगुली ने कहा कि सचिन उनसे बेहतर बल्लेबाज़ हैं और वे ख़ुद तय करते हैं कि उन्हें कब संन्यास लेना है.

समाचार एजेंसी पीटीआई के साथ इंटरव्यू में सौरभ गांगुली ने कहा, "ईमानदारी से कहूँ तो वे मुझसे बड़े खिलाड़ी हैं. वे संन्यास ले चुके ब्रायन लारा के साथ दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज़ हैं. वे उस समय तक खेल सकते हैं जब तक वे चाहते हैं. मुझे पूरा भरोसा है कि उनका प्रदर्शन अच्छा रहेगा."

सौरभ ने कहा कि सचिन के साथ पारी की शुरुआत करने में उन्हें बहुत मज़ा आया और उन्हें इस पर खेद नहीं है कि सचिन से पहले उन्होंने संन्यास ले लिया.

सचिन का साथ

सौरभ गांगुली

शीर्ष क्रम पर उनके साथ बल्लेबाज़ी करने में बहुत मज़ा आया और हमने हज़ारों रन भी बनाए. लेकिन मैंने संन्यास लेने का फ़ैसला किया. मुझे इस पर कोई खेद नहीं है. सचिन भी किसी समय संन्यास की घोषणा करेंगे ही

उन्होंने कहा, "शीर्ष क्रम पर उनके साथ बल्लेबाज़ी करने में बहुत मज़ा आया और हमने हज़ारों रन भी बनाए. लेकिन मैंने संन्यास लेने का फ़ैसला किया. मुझे इस पर कोई खेद नहीं है. सचिन भी किसी समय संन्यास की घोषणा करेंगे ही."

सचिन तेंदुलकर ने हाल ही में कहा था कि वे टेस्ट क्रिकेट में 15 हज़ार रन बनाना चाहते हैं और 2011 के विश्व कप में भी खेलना चाहते हैं.

सौरभ गांगुली ने कहा कि अगर फ़िटनेस ने उनका साथ दिया तो सचिन दोनों लक्ष्य हासिल करेंगे.

उन्होंने कहा, "अगर वे फ़िट हैं और अपने शरीर की अच्छी तरह देखभाल करते हैं तो वे ऐसा कर सकते हैं. उन्हें सिर्फ़ अपने फ़िटनेस की देखभाल करने की ज़रूरत है और वे टीम के लिए एक धरोहर बने रहेंगे."

सौरभ गांगुली ने कहा कि जब तक सचिन तेंदुलकर फ़िट हैं, उन्हें अच्छा प्रदर्शन करने से कोई रोक नहीं सकता.

बीबीसी को जानिए

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.