Advertisement

‘हॉकी विश्व कप के लिए सुरक्षा से ख़ुश’

हॉकी विश्व कप

विश्व कप ट्रॉफ़ी का अनावरण दिल्ली में हुआ

अगले साल दिल्ली में होने वाले हॉकी विश्व कप के लिए सुरक्षा इंतज़ामों से अंतरराष्ट्रीय हॉकी फ़ेडरेशन सतुंष्ट है.

फ़ेडरेशन के अध्यक्ष लिएंद्रो नेग्रे ने सोमवार को दिल्ली में कहा कि बड़े खेल आयोजनों में सुरक्षा हमेशा एक मुद्दा रहता है. नेग्रे ने कहा कि उन्हें पुलिस अधिकारियों से जानकारी मिली है कि सुरक्षा का पूरा ख़याल रखा जा रहा है.

नेग्रे ने कहा कि एयरपोर्ट से लेकर टीमों के होटल तक और फिर वहां से मैदान तक सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त होंगे. उन्होंने कहा कि उन्हें भारत में सुरक्षा को लेकर पूरा भरोसा है.

बड़े खेल आयोजनों में हमेशा ही सुरक्षा एक मुद्दा रहता है. सभी टीमों को एअरपोर्ट से होटल और वहां से मैदान तक कड़ी सुरक्षा में ले जाया जायेगा. हमे इस योजना पर पूरा भरोसा है

लिएंद्रे नेग्रे

भारतीय हॉकी में पिछले कुछ समय से मचे बवाल के बाद 2010 में भारत में होने वाले विश्व कप पर भी कुछ सवाल उठने लगे थे. खुद लिएंद्रो नेग्रे ने पिछले भारत दौरे पर कहा था कि मलेशिया विश्व कप के लिए वैकल्पिक जगह हो सकता है.

लेकिन अब उन्होंने साफ़ कर दिया है अंतरराष्ट्रीय हॉकी फ़ेडरेशन किसी विकल्प के बारे में नहीं सोच रहा है और विश्व कप भारत में ही होगा.

स्पेन की हॉकी टीम के पूर्व गोलकीपर रहे नेग्रे दिल्ली में हॉकी विश्व कप के प्रोयजक की घोषणा के लिए आयोजित एक समारोह में बोल रहे थे.

हीरो होंडा विश्व कप का मुख्य प्रोयजक होगा.

दिग्गजों का मौजूदगी

लियोनार्दो नेग्रे

एफ़आईएच ने सुरक्षा इंतज़ामों पर संतोष जताया है

इस समारोह में 1975 में विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य भी मौजूद थे.

इस मौके पर विश्व कप ट्रॉफी का भी अनावरण किया गया. सोने-चांदी से बनी इस ट्रॉफ़ी पर ख़ूबसूरत नक्काशी की गई है.

वर्तमान भारतीय टीम बारहवें हॉकी विश्व कप में अपनी सरज़मीं पर, पुराने वैभव को पाने की कोशिश करेगी.

हॉकी विश्व कप अब तक सिर्फ़ पांच टीमें जीती हैं. सबसे ज़्यादा चार बार पाकिस्तान ने ये ट्रॉफ़ी जीती है. हॉलैंड तीन बार और जर्मनी दो बार विश्व कप अपने नाम कर चुका है. भारत और ऑस्ट्रेलिया ने एक-एक बार ख़िताबी जीत हासिल की है.

1975 में विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य रहे अजितपाल सिंह को उम्मीद है कि घरेलू मैदान पर भारतीय टीम बेहतर हॉकी खेलेगी. उन्होंने कहा,"मुझे उम्मीद है कि हमारी टीम हॉकी जगत की बड़ी टीमों के साथ खेलकर अच्छा प्रदर्शन करेगी."

अजितपाल सिंह को 34 साल पहले मिली जीत पर फ़ख़्र है. उन्होने कहा "मुझे ख़ुशी है कि हम वो जीत हासिल कर पाए थे. हम हमेशा इस बात से ख़ुश होते हैं कि हम देश के लिए हॉकी का विश्व जीतकर लाए थे."

बीबीसी को जानिए

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.