Advertisement

पेस एक और ख़िताब के क़रीब

टेनिस की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिता विंबलडन में आज स्विट्ज़रलैंड के रोजर फ़ेडरर और अमरीका के एंडी रॉडिक के बीच होने वाले फ़ाइनल मैच में सबकी निगाहें हैं.

पेस और कारा ब्लैक

पेस और ब्लैक ने अब तक शानदार खेल दिखाया है

रोजर फ़ेडरर नया इतिहास रचने के क़रीब हैं. लेकिन इस मैच से अलग भारतीय टेनिस प्रेमी टेनिस के अपने सूरमा लिएंडर पेस से उम्मीद लगाए बैठे हैं.

36 वर्ष के हो चुके लिएंडर पेस एक बार फिर टेनिस कोर्ट पर अपना जलवा दिखाने को तैयार हैं. जिस तरह मिक्स्ड डबल्स में अब तक उनका प्रदर्शन रहा है, उससे ख़िताब उनसे ज़्यादा दूर नहीं दिखता.

उम्मीद एक और ग्रैंड स्लैम ख़िताब की. लिएंडर पेस आज ही अपनी पार्टनर ज़िम्बाब्वे की कारा ब्लैक के साथ मिक्स्ड डबल्स का ख़िताब जीतने की उम्मीद के साथ कोर्ट पर उतरेंगे.

उनके सामने होगी बहामास के मार्क नोल्स और जर्मनी की एना लेना ग्रोएनफ़ेल्ड की जोड़ी से. पेस और कारा ब्लैक को शीर्ष वरीयता मिली हुई है.

उम्मीद

लिएंडर इस साल अपने दूसरे ग्रैंड स्लैम ख़िताब के क़रीब हैं. इसी साल फ़्रेंच ओपन में उन्होंने लूकास ड्लोही के साथ पुरुषों का डबल्स ख़िताब जीता था.


36 वर्षीय लिएंडर पेस ने कई बार अपनी उपलब्धियों से भारत का मान-सम्मान बढ़ाया है. वे वर्ष 1996 के अटलांटा ओलंपिक में कांस्य पदक भी जीत चुके हैं.

ग्रैंड स्लैम मुक़ाबलों की बात करें तो लिएंडर पेस नौ ख़िताब जीत चुके हैं. पाँच बार उन्होंने पुरुषों के डबल्स का ख़िताब जीता है जबकि चार बार वे मिक्स्ड डबल्स का ख़िताब भी अपने नाम कर चुके हैं.

विंबलडन में भी वे दो बार मिक्स्ड डबल्स का ख़िताब जीत चुके हैं. पहली बार वर्ष 1999 में लीज़ा रेमंड के साथ और दूसरी बार 2003 में महान मार्टिना नवरातिलोवा के साथ.

उन्होंने 2003 में ही उन्होंने मार्टिना नवरातिलोवा के साथ ऑस्ट्रेलियाई ओपन जीता था. जबकि वे अपनी मौजूदा पार्टनर कारा ब्लैक के साथ पिछले साल यूएस ओपन में भी मिक्स्ड डबल्स का ख़िताब जीत चुके हैं.

बीबीसी को जानिए

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.