बारिश से प्रभावित तीसरे वनडे मैच में भारत ने डकवर्थ लुईस नियम के तहत वेस्टइंडीज़ को छह विकेट से हरा दिया है.

धोनी को मैन ऑफ़ द मैच चुना गया
वेस्टइंडीज़ ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 186 रन बनाए थे. लेकिन ख़राब मौसम को देखते हुए डकवर्थ लुईस नियम के तहत भारत को लक्ष्य दिया गया 22 ओवरों में 159 रन. भारत ने इसे एक गेंद रहते हासिल कर लिया.
कप्तान धोनी की बेहतरीन 46 रनों (34 गेंदों में) की नाबाद पारी के लिए उन्हें मैन ऑफ़ द मैच चुना गया.
मैच कई बार बारिश के कारण बाधित हुआ और इसे घटाकर 27 ओवरों का कर दिया गया था. वेस्टइंडीज़ के 185 रनों के जवाब में भारतीय पारी की शुरुआत अच्छी रही. दिनेश कार्तिक और गौतम गंभीर ने पारी का अच्छा आगाज़ किया.
कार्तिक दुर्भाग्यशाली रहे और 47 रन बनाकर रन आउट हो गए. उन्होंने पाँच चौके और एक छक्का लगाया.
गौतम गंभीर भी अर्धशतक बनाने से चूक गए और बेन की गेंद पर 44 रन बनाकर आउट हुए. भारत का स्कोर उस समय 16वें ओवर में दो विकेट पर 108 रन था.
लेकिन युवराज सिंह मात्र दो रन ही बना पाए. फिर कप्तान धोनी ने आकर फटाफट रन बटोरने शुरु कर दिए. आख़िर के ओवरों में मैच रोमांचक स्थिति में पहुँच गया था. अंतिम ओवर में भारत को छह गेंदों में 11 रनों की ज़रूरत थी.
धोनी ने ज़बरदस्त छक्का जड़ा और बात आ गई चार गेंद में चार रन की. धोनी और यूसुफ़ पठान ने मिलकर भारत को अंतिम गेंदों में जीत दिलाई. धोनी 46 रन बनाकर नाबाद रहे.
पहले फ़ील्डिंग
सेंट लूसा में खेले गए इस मैच में भारत ने टॉस जीत कर पहले फ़ील्डिंग करने का फ़ैसला किया.
चौथे ओवर में भारत को बड़ी सफलता मिली जब क्रिस गेल नेहरा की गेंद पर 27 रन बनाकर आउट हो गए. लेकिन फिर बारिश के कारण मैच रोक देना पड़ा.
दोबारा मैच शुरु होने के बाद मॉर्टन कुछ देर खेले लेकिन हरभजन की गेंद पर वे 22 रन बनाकर आउट हो गए. मौसम को देखते हुए मैच को 50 के बजाए 27 ओवरों का कर दिया गया.
इसके बाद वेस्टइंडीज़ ने तेज़ी से रन बनाने शुरु किए. रामनरेश सरवन ने ताबड़तोड़ रन बनाए. चंद्रपाल 15 ही रन बना पाए लेकिन सरवन शानदार 62 रन बनाए और वे रन आउट हुए.
उनके बाद के खिलाड़ी कुछ ख़ास नहीं कर सके. ब्रावो ने ज़रूर आख़िर में 21 रन बनाकर टीम के स्कोर में इजाफ़ा किया. 27 ओवरों में वेस्टइंडीज़ की टीम ने सात विकेट के नुकसान पर 186 रन जोड़े.
आशीष नेहरा ने तीन विकेट लिए जबकि हरभजन सिंह को दो विकेट मिले.
भारत चार वनडे मैचों की श्रृंखला में 2-1 से आगे हो गया है. पहला वनडे भारत के खाते में गया था.लेकिन दूसरा मुक़ाबला एकतरफ़ा रहा और वेस्ट इंडीज़ ने आठ विकेट से जीत हासिल की थी.



















