सोलहवें एशियाई खेलों में क्रिकेट को अधिकारिक रूप से शामिल कर लिया गया है. इस तरह पहली बार क्रिकेट इन खेलों में शामिल होगा.

क्रिकेट एशियाई खेलों में शामिल हुआ
यह फ़ैसला कुवैत में एशियाई ओलंपिक परिषद की महासभा में किया गया. 16वें एशियाई खेलों का आयोजन चीन के शहर ग्वांगज़ू में होना है, जो कि 12 से 27 नवंबर 2010 के बीच खेला जाएगा.
इस घोषणा के बाद महिला और पुरूष दोनों क्रिकेट टीमें एशियाई खेलों में हिस्सा ले सकेंगी.एशियाई खेलों के दौरान क्रिकेट ट्वेन्टी-20 प्रारूप में खेला जाएगा.
इसके लिए चार एशियाई टीमें भारत, पाकिस्तान, बंगलादेश और श्रीलंका को शामिल किया जाएगा और मेज़बान चीन ख़ुदबख़ुद शामिल रहेगी.
मुक़ाबले
तीन अन्य देश भी इस मुक़ाबले में उतर सकेंगे मगर उन्हें इसके लिए क्वालिफ़ाइंग मैच खेलने पड़ेंगे.
भारत और पाकिस्तान इसके अगुवा रहे हैं और ये देश अपनी बेहतरीन टीम के साथ प्रतियोगिता में शामिल होंगे क्योंकि ये एक बड़ी प्रतियोगिता होने जा रही है
शेख़ अहमद अल-फ़हद अल सबाह
एशियाई ओलंपिक परिषद के अध्यक्ष शेख़ अहमद अल-फ़हद अल सबाह ने इसकी घोषणा करते हुए कहा, "भारत और पाकिस्तान इसके अगुवा रहे हैं और ये देश अपनी बेहतरीन टीम के साथ प्रतियोगिता में शामिल होंगे क्योंकि ये एक बड़ी प्रतियोगिता होने जा रही है."
उनका कहना था कि एशिया में टेस्ट क्रिकेट खेल रही चारों टीमों ने अपनी 'बेहतरीन उपलब्ध टीम' भेजने का वादा किया है."
16वें एशियाई खेलों में 42 प्रकार के खेल खेले जाएंगे, जबकि वर्ष 2006 दोहा एशियाई खेलों में 28 तरह के खेल हुए थे.
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ओर के आगामी कार्यक्रमों को देखें तो उस समय भारत, श्रीलंका और पाकिस्तान की टीमें अपने घरेलू टेस्ट और वनडे क्रिकेट में मशग़ूल रहेंगी मगर एशियाई ओलंपिक परिषद को यक़ीन है कि ट्वेंटी-20 के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी इन टीमों का हिस्सा बनेंगे.















