|
|
 |
रविवार, 31 अगस्त, 2003 को 11:55 GMT तक के समाचार केली वाइट शक के दायरे में
|
 केली व्हाइट पर एक बार पहले प्रतिबंध लग चुका है
|
अमरीकी धाविका केली व्हाइट पेरिस में आयोजित विश्व एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 100 और 200 मीटर की दौड़ में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली अमरीकी बनीं तो लेकिन ख़बर है कि उनसे ये पदक वापस लिए जा सकते हैं.
यह भी कहा जा रहा है कि उन पर दो साल के लिए प्रतिबंध भी लगाया जा सकता है.
केली व्हाइट पर आरोप हैं कि उन्होंने अपनी दौड़ में बेहतर प्रदर्शन के लिए उत्तेजना बढ़ाने वाली दवाईयाँ खाईं.
इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ़ एथलेटिक्स फ़ेडरेशन्स (आईएएएफ़) ने कहा है कि इस मामले की जांच पड़ताल चल रही है.
मुझे पूरा भरोसा है कि जल्द ही सब कुछ ठीक हो जाएगा. | | केली व्हाइट | व्हाइट की डाक्टरी जाँच से पता चला है कि उनके शरीर में 'मोडाफ़िनिल' नाम की दवा के कुछ अंश पाए गए.
'मोडाफ़िनिल' के सेवन से शरीर में उत्तेजना आती है और थकान भी महसूस नहीं होती.
हालाँकि व्हाइट के शरीर में जो अंश पाए गए वे ख़ुद तो प्रतिबंधित नहीं है लेकिन ऐसी दवाईयों से संबंधित हैं जिनके सेवन पर प्रतिबंध है.
ऐसी संभावना है कि अगले साल होने वाले ओलम्पिक खेलों तक इसपर प्रतिबंध लगा दिया जाएगा.
केली व्हाइट ने शनिवार को संवाददाता सम्मेलन में इससे साफ़ इनकार किया कि उन्होंने अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से किसी दवा का सेवन किया.
भरोसा
उन्होंने कहा, "मैंने सिर्फ़ वही दवा ली है जिसकी सलाह मेरे डॉक्टर ब्रायन गोल्डमैन ने मुझे जल्दी थकने की बीमारी से बचने के लिए दी थी."
केली ने कहा, "मुझे पता है कि मैंने कुछ भी ग़लत नहीं किया है और न ही अपने प्रतियोगियों से आगे बढ़ने के लिए कोई ग़ैरवाजिब फ़ायदा उठाया है.
"मुझे पूरा भरोसा है कि जल्द ही सब कुछ ठीक हो जाएगा."
आईएएएफ़ के सचिव इस्तवान ग्यूलाई ने संकेत दिए हैं कि मोडाफ़िनिल का संबंध प्रतिबंधित दवाओं से होने के कारण व्हाइट का मामला 'डोपिंग' के दायरे में आ सकता है.
"ऐसे में व्हाइट को बिना किसी पदक के प्रतियोगिता से बाहर जाना पड़ेगा."
ग़ौरतलब है कि इससे पहले केली व्हाइट पर वर्ष 2002 में फ्रांस में ही छह महीने लिए प्रतिबंध लग चुका है जब उनके शरीर में 'कोर्टिकोइड' नामक प्रतिबंधित दवा के अंश पाए गए थे. |
|
|
|