|
|
 |
बुधवार, 02 अप्रैल, 2003 को 20:31 GMT तक के समाचार सहवाग बने उपकप्तान
|
 द्रविड की जगह अब पार्थिव पटेल विकेटकीपिंग करेंगे
|
अगले हफ़्ते ढाका में होने वाली तीन देशों की क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम में चार नए चेहरे शामिल किए गए हैं जबकि वर्ल्ड कप में खेलने वाले पाँच खिलाड़ी इससे बाहर हैं.
बाहर होने वाले खिलाड़ियों में सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ भी शामिल हैं जो उँगली की चोट से उबर रहे हैं जबकि आशीष नेहरा के टख़ने का ऑपरेशन होना है.
जवागल श्रीनाथ और अनिल कुंबले को आराम करने की सलाह दी गई है.
 बांग्लादेश में कमी खलेगी तेंदुलकर की | भारतीय टीम में पहली बार जगह पाने वाले खिलाड़ी हैं - बल्लेबाज़ गौतम गंभीर और अभिजीत काले, मध्यम गति के गेंदबाज़ आविष्कार साल्वी और लेग स्पिनर अमित मिश्रा.
इनके अलावा ऑफ़ स्पिनर सरनदीप सिंह की टीम मे वापसी हुई है.
सौरभ गांगुली टीम के कप्तान बने रहेंगे जबकि धुआँधार बल्लेबाज़ वीरेन्दर सहवाग की तरक्की कर उन्हें उपकप्तान बना दिया गया है.
भारतीय टीम के साथ जॉन राइट का कॉन्ट्रेक्ट दो महीने के लिए बढ़ा दिया गया है और इस प्रतियोगिता में वही टीम के कोच होंगे.
प्रतिभाशाली खिलाड़ी
अभिजीत काले, गौतम गंभीर, अविष्कार साल्वी और अमित मिश्रा ने हाल ही में वेस्टइंडीज़ दौरे पर भारत ए टीम की तरफ़ से खेलते हुए बढ़िया खेल दिखाया था.
दिल्ली के इक्कीस वर्षीय गौतम गंभीर बाएँ हाथ के सलामी बल्लेबाज़ हैं और उन्होंने अपने पहले 36 घरेलू मैचों में ही 3175 रन बना लिए हैं.
 पूरी युवा टीम है इस बार गांगुली की | इसी उम्र के अविष्कार साल्वी मुंबई के तेज़ गेंदबाज़ हैं और वह ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैकग्रॉ से प्रभावित हैं.
बीस वर्षीय लेग स्पिनर अमित मिश्रा को कुंबले के उत्तराधिकारी के तौर पर देखा जा रहा है.
वर्ल्ड कप खेली टीम में शामिल ऑलराउंडर अजित अगरकर और संजय बंगर भी इस बार खेलने की उम्मीद लगाए हैं.
दक्षिण अफ़्रीका में इन दोनों को एक मैच भी खेलने को नहीं मिला था.
वहीं राहुल द्रविड की ग़ैरहाज़िरी में पार्थिव पटेल टीम के इकलौते विकेटकीपर होंगे.
भारत, बांग्लादेश और दक्षिण अफ़्रीका के बीच यह त्रिकोणीय श्रृंखला 11 अप्रैल से ढाका में शुरू होगी.
भारतीय टीम ढाका के लिए नौ अप्रैल को रवाना होगी और 11 तारीख़ को अपना पहला मैच खेलेगी.
भारतीय टीमः सौरभ गांगुली (कप्तान), वीरेंद्र सहवाग (उप-कप्तान), गौतम गंभीर, मोहम्मद कैफ़, युवराज सिंह, दिनेश मोंगिया, पार्थिव पटेल (विकेटकीपर), संजय बांगर, ज़हीर ख़ान, हरभजन सिंह, अजित अगरकर, अमित मिश्रा, आविष्कार साल्वी, सरनदीप सिंह, अभिजीत काले. |
|
|
 |
 |
इंटरनेट लिंक्स
 |
 |
भारतीय क्रिकेट |
बीबीसी अन्य वेब साइट की विषय सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है
 |
|