![]() |
||
|
|
![]() भारत-पड़ोस 2007 - मुख्य घटनाओं पर एक नज़र
दक्षिण एशिया में वर्ष 2007 में कई घटनाएँ घटीं जिनमें पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री बेनज़ीर भुट्टो की हत्या अहम थी. पाकिस्तान में पूरे साल ही राजनीतिक उथल-पुथल चलती रही. राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ का चुनाव, उनका न्यायापालिका से टकराव, देश में इमरजेंसी का लागू होना और मुख्य न्यायधीश का बर्ख़ास्त किया जाना पाकिस्तान की मुख्य घटनाएँ रहीं. भारत में भी वर्ष 2007 के घटनाचक्र में प्रमुख रहे - भारत-अमरीका परमाणु क़रार और वाम दलों का यूपीए सरकार से इस मुद्दे पर टकराव, नंदीग्राम और विशेष आर्थिक ज़ोन के विषय पर छिड़ा विवाद, समझौता एक्सप्रेस में विस्फोट और अन्य चरमपंथी हमलों में अनेक लोगों की मौत, रामसेतु समुद्रम परियोजना पर विवाद, अनेक राज्यों में नक्सलवाद की चुनौती, आरक्षण के लिए गुर्जर आंदोलन, राज्यों में विधानसभा चुनाव और राष्ट्रपति व उपराष्ट्रपति पद के चुनाव प्रमुख रहे. बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता का दौर जारी रहा और कार्यवाहक सरकार के गठन पर और चुनाव कराए जाने पर जमकर विवाद हुआ. विपक्षी दलों ने अनेक रोष प्रदर्शन किए और दो पूर्व प्रधानमंत्रियों - ख़ालिदा ज़िया और शेख़ हसीना को नज़रबंद किया गया. इसी राजनीतिक अस्थिरता के दौर में देश में इमरजेंसी भी लगाई गई. उधर समुद्री तूफ़ान सिद्र के रूप में प्रकृतिक आपदा ने भी बांग्लादेश में ख़ासी तबाही मचाई. इस तूफ़ान में लगभग तीन हज़ार लोग मारे गए और अनेक घायल हो गए. लाखों घर नष्ट हो गए और अनेक हेक्टेयर भूमि भी इस आपदा में तबाह हो गई. नेपाल में माओवादी वर्ष 2007 में पहले सरकार में शामिल हुए और फिर सरकार से बाहर चले गए. वे सबसे पहले राजशाही की समाप्ती की माँग कर रहे थे और साल के अंत तक उनकी बात मानी गई और संसद ने बड़े बहुमत से राजशाही के अंत का अनुमोदन कर दिया. अफ़ग़ानिस्तान में हिंसा का चक्र जारी रहा और एक अहम घटना थी अफ़ग़ानिस्तान के पूर्व शासक ज़ाहिर शाह का 92 वर्ष की उम्र में निधन. बीबीसी हिंदी के पाठकों के लिए भारत की घटनाओं से संबंधित विशेष पन्ने को तैयार किया बीबीसी संवाददाता पाणिनी आनंद ने और दक्षिण एशिया के अन्य देशों पर सामग्री जुटाई बीबीसी संवाददाता अतुल संगर ने... |
|||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||
| ^^ पन्ने पर ऊपर जाने के लिए क्लिक करें | |||