![]() |
||
|
|
![]() भज्जी-साइमंड्स विवाद
वर्ष 2008 के शुरू में ही क्रिकेट की दुनिया में उस समय भूचाल आ गया जब भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह पर गंभीर आरोप लगा. आरोप ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी एंड्रयू साइमंड्स पर नस्लभेदी टिप्पणी का. सिडनी टेस्ट के दौरान ये आरोप उस समय आया जब ऑस्ट्रेलिया और भारत की प्रतिद्वंद्विता क्रिकेट के मैदान पर इतनी ज़्यादा थी कि इस आरोप ने जैसे आग में घी का काम किया.
हरभजन सिंह आरोप से साफ़ मुकर गए लेकिन मैच रेफ़री माइक प्रॉक्टर ने उन पर तीन टेस्ट मैचों की पाबंदी लगा दी. इसके बाद तो जैसे भूचाल आ गया. भारत में इसके ख़िलाफ़ प्रदर्शन हुए. तो भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) भी खुल कर हरभजन सिंह के बचाव में आ गया और ऑस्ट्रेलिया का दौरा रद्द करने तक की धमकी दी गई. क्रिकेट की आर्थिक महाशक्ति बन चुके भारत की ये धमकी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने गंभीरता से लिया. हरभजन की अपील पर सुनवाई हुई और नस्लभेदी टिप्पणी का आरोप ख़त्म कर दिया गया. भज्जी पर अभद्र भाषा के प्रयोग का आरोप लगा और उनकी सज़ा भी कम करके जुर्माने तक सीमित कर दी गई. मामला ठंडा तो हुआ लेकिन आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा. ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की नाराज़गी कम नहीं हुई थी. लेकिन नस्लभेदी टिप्पणी के आरोपों के बीच ख़राब अंपायरिंग की शिकायत ने मामले को और गरम कर दिया.
सिडनी टेस्ट के दौरान वेस्टइंडीज़ के अंपायर स्टीव बकनर के कुछ निर्णयों पर काफ़ी विवाद उठा. भारत ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई. भज्जी के नस्लभेदी टिप्पणी के मामले पर चल रही हवा और गरम हुई और स्टीव बकनर के मामले ने भी तूल पकड़ा. सिडनी टेस्ट में भारत को मिली हार. लेकिन भारत ने इसका दोष अंपायरिंग पर मढ़ा. उस समय भारतीय टीम के कप्तान रहे अनिल कुंबले ने तो यहाँ तक कह दिया कि एक ही टीम खेल भावना से खेल रही थी. अंपायरिंग के अलावा ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की खेल भावना पर भी सवाल उठे क्योंकि आरोप था कि कई खिलाड़ियों ने यह जानते हुए अपीलें की कि उन्होंने सही कैच नहीं लपका है. इन आरोपों के घेरे में अंपायर स्टीव बकनर के अलावा ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग और उप कप्तान माइकल क्लार्क भी आए. ख़ैर भारी दबाव में आईसीसी ने बकनर की भी सिरीज़ से छुट्टी कर दी. तब जाकर मामला शांत हुआ. हरभजन को भी राहत मिली और भारत ने पर्थ टेस्ट जीतकर भारतीय क्रिकेट समर्थकों के ज़ख़्मों पर जैसे मरहम लगा दिया. हालाँकि भारतीय टीम ये सिरीज़ 2-1 से हार गई और लगातार 16 टेस्ट जीतने के लिए ऑस्ट्रेलिया को उसने 17वाँ टेस्ट भी नहीं जीतने दिया. लेकिन भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर प्रदर्शन की कम चर्चा हुई भज्जी-साइमंड्स विवाद की ज़्यादा. |
|||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||
| ^^ पन्ने पर ऊपर जाने के लिए क्लिक करें | |||