![]() |
|
|
|
ख़ालिद शेख़ मोहम्मद
अमरीकी खुफिया एजेंसी एफबीआई की वेब साइट पर 'मोस्ट वांटेड' की सूची में शामिल ख़ालिद शेख़ मोहम्मद की तस्वीर पर बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा गया है- 'लोकेटेड' यानी उन्हें पकड़ लिया गया है. कुवैत में जन्मे ख़ालिद शेख़ मोहम्मद 39 साल के हैं. उन्होंने अमरीका के एक विश्वविद्यालय से इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की और वे अरबी, अंग्रेजी, ऊर्दू और बलूची सहित कई भाषाओं के भी जानकार हैं. 1980 के दशक में वे सोवियत सेनाओं के ख़िलाफ लड़ाई लड़ने अफगानिस्तान गए थे. अल क़ायदा से उनका संपर्क काफी पुराना है, धीरे-धीरे उन्होंने अल क़ायदा में अपनी पैठ बना ली. उन्हे ओसामा बिन लादने के क़रीबी लोगों में माना जाता है. 11 सितंबर को न्यूयार्क में हुए आतंकवादी हमले से काफी पहले से ही अमरीका को शेख़ मोहम्मद की तलाश थी, अमरीका ने शेख़ को पकड़वाने पर दो करोड़ 50 लाख डालर का इनाम रखा था. ख़ालिद शेख़ मोहम्मद 1993 में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर को उड़ाने की कोशिश में गिरफ़्तार रम्ज़ी युसूफ के चाचा हैं. ख़ालिद को 11 सितंबर के हादसे का प्रमुख सूत्रधार माना जाता है. अमरीकी विमानों का अपहरण करने में उनके कई क़रीबी साथी शामिल थे. लंदन स्थित अरबी समचार पत्र अल-कुद्स के संपादक अब्देल बारी अतवान के मुताबिक़ इसके अलावा भी ख़ालिद शेख़ कई हादसों के ज़िम्मेदार हैं. उनके अनुसार अदन के बंदरगाह पर अमरीकी बेड़े पर हुए हमले की साज़िश भी ख़ालिद ने ही रची थी, कुवैत में अमरीकी सैनिकों की हत्या और यमन में तेल टैंकर पर हुए हमले के पीछे भी उन्हीं का हाथ माना जा रहा है. खुफिया अधिकारियों को लगता है कि उन्हें ओसामा बिन लादेन के ठिकाने के बारे में सही जानकारी हो सकती है. |
||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||
| ^^ ऊपर लौटें | |||