Advertisement

आईएसआई दफ़्तर पर हमला, 12 मरे

पेशावर (फ़ाइल फोटो)

पेशावर में बम हमलों की संख्या बढ़ी है

पाकिस्तान में सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाकर किए गए दो आत्मघाती हमलों में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई है.

पहला कार बम हमला सूबा सरहद के पेशावर शहर में ख़ुफ़िया एजेंसी आईएसआई के दफ़्तर पर हुआ.

इस धमाके में आईएसआई के दफ़्तर की इमारत को काफ़ी नुक़सान पहुँचा है. इस धमाके में 12 लोगों की मौत हुई है और 30 घायल हैं.

सूबा सरहद के एक अन्य शहर बन्नू में भी एक आत्मघाती हमला हुआ है. एक पुलिस स्टेशन पर हुए कार बम हमले में कम से कम पाँच पुलिस अधिकारी मारे गए हैं.

पेशावर में हुए कार बम धमाके में पाकिस्तान की ख़ुफ़िया एजेंसी आईएसआई की इमारत को काफ़ी नुक़सान पहुँचा है.

धमाका स्थानीय समय के मुताबिक़ सुबह पौने सात बजे हुआ.धमाका इतना ज़बरदस्त था कि आसपास की कई इमारतें हिल गईं और धमाके की आवाज़ दूर तक सुनी गई.

नुक़सान

आईएसआई के दफ़्तर की तीन मंज़िला दफ़्तर को काफ़ी नुक़सान पहुँचा. घायलों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.

इमारत के मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है. पेशावर की स्थानीय सरकार के प्रमुख साहिब ज़ादा अनीस ने बताया है कि मरने वालों में ज़्यादातर आम नागरिक हैं.

पहले भी आईएसआई के कार्यालय को निशाना बनाया गया है. इसी साल मई में लाहौर स्थित आईएसआई के कार्यालय पर हुए हमले में 24 लोग मारे गए थे.

जब से पाकिस्तान की सेना ने दक्षिणी वज़ीरिस्तान में सैनिक कार्रवाई शुरू की है, आसपास के इलाक़ों में कई बम हमले हुए हैं.

दो सप्ताह पहले पेशावर के एक बाज़ार में हुए धमाके में 100 से ज़्यादा लोग मारे गए थे.

बीबीसी को जानिए

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.