
पाकिस्तान में लगातार बम धमाके हो रहे हैं.
पाकिस्तान के सूबा सरहद में मंगलवार शाम हुए एक बम विस्फोट में कम से कम 24 लोग मारे गए हैं.
विस्फोट पेशावर शहर के पास चरसड्डा नामक जगह पर हुआ है. विस्फ़ोट में कम से कम 40 लोग घायल हुए हैं.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक धमाका भीड़-भाड़ वाले चौराहे पर हुआ. इसके बगल में बाज़ार है.
ज़िला पुलिस प्रमुख मोहम्मद रियाज़ का कहना था, '' विस्फ़ोट के लिए एक वाहन का इस्तेमाल किया गया. मैं नहीं कह सकता कि ये एक आत्मघाती हमला था या बम रखा गया था.''
चरसड्डा जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक ने बताया, 'अभी तक बीस अस्पताल में बीस शव लाए गए हैं.'
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाका इतना शक्तिशाली था कि आस-पास के मकान तक क्षतिग्रस्त हो गए.
विस्फोट में जिस गाड़ी का इस्तेमाल किया गया उसके परखच्चे उड़ गए. जहां धमाका हुआ वहां सड़क किनारे जूस और फल की दुकानों पर काफी लोग जमा थे.
धमाके के बाद का मंजर बेहद दर्दनाक था. वहां लोगों के चप्पल और मानव अंग बिखड़े पड़े थे.
पिछले तीन दिनों में पेशावर में हुआ यह तीसरा विस्फोट है.
पाकिस्तान में पिछले महीने से अबतक हुए आत्मघाती हमलों में अब तक तीन सौ से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है.


















