
पेशावर के आस पास तालेबान का प्रभाव बहुत अधिक माना जाता है.
पाकिस्तान के पेशावर शहर में हुए एक आत्मघाती हमले में तीन लोग मारे गए हैं और कुछ अन्य घायल हैं.
प्राथमिक रिपोर्टों के अनुसार आत्मघाती हमलावर ऑटोरिक्शा में बैठ कर आया और उसने पुलिस चेकनाके के पास आकर विस्फ़ोट कर दिया.
यह घटना पेशावर के बाहरी रिंग रोड पर एक पुलिस नाके के पास हुई है. संवाद समिति एएफ़पी के अनुसार शहर के पुलिस प्रमुख लियाकत अली खान ने कहा, '' यह एक आत्मघाती हमला था.हमारी जानकारी के अनुसार एक पुलिसकर्मी और एक आम नागरिक की मौत हुई है.''
एक अन्य पुलिस अधिकारी मोहम्मद करीम ने तीन लोगों के मरने की पुष्टि की है.
पेशावर में रविवार को भी आत्मघाती हमला हुआ था जिसमें 13 लोग की मौत हुई थी और कई लोग घायल हुए थे. तालेबान ने इस हमले की ज़िम्मेदारी ली थी और कहा था कि वो तालेबान से संघर्ष के लिए सैनिक जुटाने के मेयर अब्दुल मलिक के प्रयासों का बदला ले रहे हैं.
किसी ज़माने में तालेबान से करीबी संबंध रखने वाले मलिक ने 2008 में पाला बदल लिया था और पेशावर के बाहरी इलाक़ों में तालेबान से लड़ने के लिए लड़ाके जुटाने की कोशिश कर रहे हैं.
पाकिस्तान में पिछले कुछ महीनों में हुए आत्मघाती हमलों में अब तक तीन सौ से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है.












