
पिछले महीने हुए धमाके में सौ से ज़्यादा लोग मारे गए थे.
पाकिस्तान के पेशावर शहर में रविवार सुबह आत्मघाती बम धमाका हुआ है जिसमें कम से कम 13 लोग मारे गए हैं.
लगभग बीस लोग घायल भी हुए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस के मुताबिक हमला शहर के किनारे स्थित एक बकरा बाज़ार में हुआ. उस समय बाज़ार में भीड़-भाड़ थी.
संवाददाताओं के मुताबिक हमले में मतनी गाँव के प्रमुख अब्दुल मलिक को निशाना बनाया गया.
वो धमाके में बुरी तरह घायल हो गए और अस्पताल में उनकी मौत हो गई.
मलिक चरमपंथियों के मुखर विरोधी थे. उनके गाँव के पास कई कबायली इलाक़े हैं जहां चरमपंथियों का अड्डा है.
पुलिस के अनुसार अब्दुल मलिक पहले तालेबान समर्थक थे लेकिन बाद में उन्होंने चरमपंथियों से लोहा लेना शुरु कर दिया और अलग हथियारबंद दस्ता तैयार कर लिया.
दक्षिणी वज़ीरिस्तान में चरमपंथियों के ख़िलाफ़ सेना की कार्रवाई के विरोध में चरमपंथियों ने हमले तेज़ कर दिए हैं.
पिछले महीने पेशावर के ही पीपल मंडी मार्केट में भीषण धमाका हुआ था जिसमें 118 लोग मारे गए थे.
सरकार ने इसके लिए तालेबान को ज़िम्मेदार ठहराया था.












