Advertisement

स्वात विस्थापितों की घर वापसी शुरू

पाकिस्तान में स्वात से विस्थापित हुए 20 लाख लोगों को सरकार ने वापस भेजना शुरु कर दिया है. स्वात में सेना और तालेबान के बीच संघर्ष के कारण बड़ी संख्या में नागरिक इलाक़ा छोड़ कर चले गए थे.

सोमवार को अस्थाई शिविरों से विस्थापितों से भरा पहला काफ़िला स्वात की ओर निकला. सेना ने वहाँ सड़क मार्ग फिर से खोल दिया है.

कई लोग स्वात वापस लौट चुके हैं. संवाददाताओं का कहना है कि अगले कई महीनों तक ये लोग मदद पर आश्रित रहेंगे.

सरकार ने कहा है कि अस्थाई शिविरों में रहने वालों को वापस घर पहुँचाना उसकी प्राथमिकता है.

पहले चरण में नौशेरा ज़िले के शिविरों से करीब 200 परिवारों को वापस लौटना है. अधिकारियों का कहना है कि मंगलवार को 800 परिवारों को वापस भेजा जाएगा.

घर वापसी

मैं अपनी मर्ज़ी से घर लौट रही हूँ. लेकिन बहुत अनिश्चितता है, मैं नहीं जानती कि मेरे इलाक़े में शांति बहाल हुई है या नहीं

शिरिनज़दा

इलाक़े में कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बीबीसी को बताया कि लोग घर लौटने को बेताब हैं क्योंकि गर्मी बहुत है और शिविरों में गर्मी में ही रहना पड़ रहा है.

हालांकि कुछ लोग वापस लौटने को लेकर आशंकित है. 50 साल की शिरिनज़दा ने एएफ़पी को बताया, "मैं अपनी मर्ज़ी से घर लौट रही हूँ. लेकिन बहुत अनिश्चितता है, मैं नहीं जानती कि मेरे इलाक़े में शांति बहाल हुई है या नहीं."

संयुक्त राष्ट्र ने इस बात पर ज़ोर दिया है कि विस्थापितों को अपनी मर्ज़ी से ही वापस भेजना चाहिए.

शिविरों से लोगों को घर वापस भेजने के बाद पाकिस्तानी सेना उन लोगों को भेजना शुरु करेगी जो लड़ाई के दौरान स्कूलों और अन्य जगहों पर रह रहे थे.

मिंगोरा ज़िले से रिपोर्टों के मुताबिक पिछले तीन हफ़्तों से वहाँ लड़ाई नहीं हुई है हालांकि वहाँ कर्फ़्यू लगता रहा है.

विस्थापितों को वापस भेजने के काम की निगरानी सेना कर रही है. स्वात, मालाखंड और बूनेर में बड़ी संख्या में सैनिक मौजूद हैं.

पश्चिम-उत्तर प्रांत के सूचना मंत्री मियाँ इफ़्तेखार हुसैन ने बीबीसी को बताया है कि विस्थापित अपने टेंट साथ लेकर जाएँगे ताकि अगर उनके घर लड़ाई के दौरान नष्ट हो चुके हों तो वे टेंट का इस्तेमाल कर सकें.

इस अभियान से जुड़े जनरल नदीम अहमद ने कहा है कि हर परिवार को आर्थिक मदद दी जाएगी.

बीबीसी को जानिए

यदि आप अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करते हुए इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरूप कर लें तो आप इस पेज को ठीक तरह से देख सकेंगे. अपने मौजूदा ब्राउज़र की मदद से यदि आप इस पेज की सामग्री देख भी पा रहे हैं तो भी इस पेज को पूरा नहीं देख सकेंगे. कृपया अपने वेब ब्राउज़र को अपडेट करने या फिर संभव हो तो इसे स्टाइल शीट (सीएसएस) के अनुरुप बनाने पर विचार करें.