|
|
 |
बुधवार, 08 अक्तूबर, 2003 को 20:15 GMT तक के समाचार लड़की की बारात
|

प्रिया ख़ुद ही बारात लेकर लड़के के घर पहुँच गई
|
ज्योत्सना सिंह
उत्तर प्रदेश के बनारस शहर में इन दिनों एक ‘शादी’ को लेकर विवाद खड़ा हो गया है और अब इसमें राजनीतिक पार्टियाँ भी उतर पड़ी हैं.
वाराणसी में लगभग डेढ़ हज़ार लोगों ने एक छात्रा प्रिया पाँडे के घर बुधवार को पथराव किया.
प्रिया पिछले हफ़्ते अपने प्रेमी बबलू चौहान के घर ख़ुद अपनी बारात लेकर चली गई थी.
प्रिया ने दावा किया है कि बबलू ने उससे चुपके से शादी रचा ली और फिर मुकर गया लेकिन बबलू और उनके परिवार ने ऐसी किसी शादी से इनकार किया है.
प्रिया का कहना है कि उन्होंने अपने मामले में इतना हँगामा इसलिए किया ताकि लोगों को ये संदेश मिले कि बदनामी के डर से महिलाएँ अत्याचार नहीं सहने वाली.
विरोध
प्रिया ने बताया कि वे धमकियों से डरने वाली नहीं हैं.
 अंत तक लड़ना चाहती हैं प्रिया | प्रिया ने कहा, "लोग कहते हैं कि लड़कियों को अपने अधिकार के लिए लड़ना चाहिए मगर जब मैं लड़ी तो कुछ लोग मुझे दबाने की कोशिश कर रहे हैं. मुझे मोबाइल पर धमकियाँ मिल रही हैं लेकिन मैं अंत तक लड़ूँगी."
प्रिया पाँडे ने मंगलवार को बबलू और उसके परिवार के ख़िलाफ़ दहेज और अत्याचार की शिकायत की थी जिसके आधार पर मंगलवार की रात को बबलू चौहान को गिरफ़्तार कर लिया गया था.
प्रिया ने बबलू के ख़िलाफ़ कोई कार्रवाई न होने पर आत्मदाह की धमकी दी थी लेकिन बबलू की गिरफ़्तारी के बाद बुधवार को शिव सेना ने प्रिया की बहादुरी के लिए उसके नागरिक अभिनंदन की घोषणा कर दी.
मगर इस बीच क़रीब डेढ़ हज़ार लोगों और कुछ कथित समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रिया के घर लगभग चार घंटे तक पथराव किया और तोड़फोड़ की.
ये लोग चाहते थे कि प्रिया और उनके पिता मुहल्ले से चले जाएँ क्योंकि उन्हें लगता है कि इस घटना के कारण उनकी बहू बेटियों पर बुरा असर पडा है. |
|
|
|