|
|
 |
शुक्रवार, 19 सितंबर, 2003 को 18:45 GMT तक के समाचार आडवाणी आरोप-मुक्त
|

विशेष अदालत में बाबरी विध्वंस की सुनवाई हो रही है
|
भारत में उत्तर प्रदेश में रायबरेली की एक विशेष अदालत ने बाबरी मस्जिद विध्वंस के मामले में उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को आरोप मुक्त कर दिया है.
लेकिन केंद्रीय मंत्री मुरली मनोहर जोशी और पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती सहित सात लोगों के ख़िलाफ़ अदालत 10 अक्तूबर तक आरोप तय करेगी.
 जोशी ने मंत्रिमंडल से इस्तीफ़ा दे दिया है | अदालत के इस फ़ैसले के बाद जोशी ने मंत्रिमंडल से इस्तीफ़ा दे दिया है.
वो पहले ही कह चुके थे कि यदि अदालत उनके ख़िलाफ़ आरोप तय करती है तो वे इस्तीफ़ा दे देंगे.
माना जा रहा है कि अदालत के इस फ़ैसले का भारतीय राजनीति पर ख़ासा प्रभाव पड़ेगा.
इस मामले में अन्य अभियुक्त हैं, विनय कटियार, अशोक सिंघल, आचार्य गिरिराज किशोर, विष्णु हरि डालमिया और साध्वी ऋतंभरा.
भाजपा खुश
अयोध्या में बाबरी मस्जिद को कट्टरपंथी हिंदू संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने छह दिसंबर 1992 को गिरा दिया था.
उपप्रधानमंत्री आडवाणी और मानव संसाधन विकास मंत्री जोशी सहित कुल आठ लोगों पर आरोप लगाया गया था कि 1992 में बाबरी विध्वंस के समय इन लोगों ने कारसेवकों को भड़काया था.
अदालत के फ़ैसले उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी ने कहा है कि उनकी प्रतिक्रिया मिश्रित है क्योंकि वे समझ नहीं पा रहे हैं कि उनके और उनके साथियों के साथ अलग अलग व्यवहार किस तरह किया गया है.
लेकिन भाजपा के नेताओं ने इस फ़ैसले का स्वागत करते हुए इसे बड़ी जीत बताया है.
उनका कहना है कि चूंकि यह सिर्फ़ राजनीतिक मामला है इसलिए किसी के इस्तीफ़े का सवाल ही नहीं है.
विशेष अदालत में चल रहे मुकदमें में षड्यंत्र का आरोप शामिल नहीं है, केंद्रीय जाँच ब्यूरो सीबीआई ने अपने आरोपपत्र में से षड्यंत्र का आरोप हटा दिया था.
आरोप तय करने के बारे में फ़ैसला तीन सितंबर को ही होना था लेकिन विशेष जज ने दो बार अपना आदेश सुरक्षित रख लिया था. |
|
|
|