|
|
 |
मंगलवार, 26 अगस्त, 2003 को 12:39 GMT तक के समाचार मायावती ने इस्तीफ़ा दिया
|

समाजवादी पार्टी पर्याप्त बहुमत होने का दावा कर रही है
|
उत्तर प्रदेश में मायावती ने राज्य के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा दे दिया है.
सोमवार को मायावती ने राज्यपाल से विधानसभा को भंग करके ताज़ा चुनाव कराने की माँग की थी.
मायावती सरकार की सहयोगी भारतीय जनता पार्टी ने मायावती की इस सिफ़ारिश से पहले ही सरकार से समर्थन वापस लेने की घोषणा कर दी थी.
 भाजपा के साथ नहीं बनी | राज्यपाल को लिखे पत्र में मायावती ने कहा है कि राज्य में राष्ट्रपति शासन लगा देना चाहिए क्योंकि वे कार्यवाहक मुख्यमंत्री बने रहने को तैयार नहीं हैं.
दावा
मायावती के इस्तीफ़ा देने से कुछ ही देर पहले उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने सरकार बनाने का दावा पेश किया.
पार्टी नेता मुलायम सिंह यादव ने मंगलवार को राज्यपाल विष्णुकांत शास्त्री से मुलाक़ात की है और कहा है कि उन्हें सरकार बनाने का मौक़ा दिया जाना चाहिए.
मुलायम सिंह यादव ने कहा है कि समर्थन वापस लेने की भारतीय जनता पार्टी की घोषणा के बाद मायावती सरकार अल्पमत में आ गई है इसलिए उस सरकार को बर्ख़ास्त कर दिया जाना चाहिए.
मौजूदा विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के 87 विधायक हैं.
मुलायम सिंह यादव ने यह भी कहा है कि काँग्रेस पार्टी उन्हें सरकार बनाने के लिए समर्थन देने को तैयार है इसलिए उनके पास सरकार बनाने के लिए पर्याप्त बहुमत है.
भाजपा नेताओं ने भी राज्यपाल से मुलाक़ात की और कहा कि मायावती सरकार अल्पमत में आ गई है इसलिए उनकी सरकार को विधानसभा भंग करने की सिफ़ारिश करने का अधिकार नहीं है.
भाजपा
उधर भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि वह सरकार बनाने का दावा पेश नहीं करेगी.
 "हमारे पास बहुमत है" | पार्टी अध्यक्ष वेंकैया नायडू ने दिल्ली में बताया कि अब सारा फ़ैसला राज्यपाल विष्णुकांत शास्त्री पर है और वह जो भी फ़ैसला करेंगे पार्टी उसे मानेगी.
उन्होंने बहुजन समाज पार्टी नेता और मुख्यमंत्री मायावती पर आरोप लगाया कि उन्होंने गठबंधन राजनीति की परंपरा के ख़िलाफ़ काम किया है और भाजपा तो पूरा सहयोग दे रही थी.
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में गठबंधन चल रहा था, ख़ुद मायावती ने ही एकतरफा फ़ैसला करके धोखा किया है.
"अब वो जो आरोप लगा रही हैं वे पूरी तरह बेबुनियाद हैं, पिछले एक साल से हम गठबंधन का धर्म निभा रहे थे इसलिए हमने ऐसी बातों को भी माना जिससे हम सहमत नहीं थे."
वेंकैया नायडू ने आरोप लगाया कि मायावती सरकार ने सत्ता का का दुरूपयोग किया गया.
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई में कोई फूट नहीं है. |
|
|
|