|
|
 |
शनिवार, 07 जून, 2003 को 18:56 GMT तक के समाचार काबुल विस्फोट में सैनिक मरे
|

अफ़ग़ानिस्तान में बड़ी संख्या में शांति सैनिक तैनात हैं
|
अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल में जर्मनी के शांति सैनिकों को ले जा रही एक बस में विस्फोट हुआ है. इसमें चार सैनिक मारे गए हैं और 30 से अधिक घायल हो गए हैं.
अधिकारियों को आशंका है कि ये विस्फोट आत्मघाती हमले के कारण हुआ और इसमें एक कार का इस्तेमाल किया गया.
ख़बर हैं कि ये विस्फोट इतना ज़बर्दस्त था कि बस कई मीटर हवा में उछल गई.
अफ़ग़ान पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ये विस्फोट शांति सैनिकों के मुख्यालय के नज़दीक और जलालाबाद जाने वाली मुख्य सड़क पर हुआ.
अफ़ग़ानिस्तान के अधिकारियों का कहना है कि इसके पीछे तालेबान और अल क़ायदा का हाथ हो सकता है.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि शांति सैनिकों ने इस इलाक़े की घेराबंदी कर दी है और घायलों को सहायता पहुँचाने के लिए एक हेलिकॉप्टर घटनास्थल पर उतरा गया है.
इस समय लगभग पाँच हज़ार अंतरराष्ट्रीय शांति सैनिक काबुल में तैनात हैं.
चिंता
अफ़गानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करज़ई ने जर्मन शांति सैनिकों की मौत पर गहरी चिंता व्यक्त की है.
साथ ही उन्होंने यह वादा भी किया कि अफ़गानिस्तान के सुरक्षा बल इस आत्मघाती हमले की पड़ताल पूरी मुस्तैदी से करेंगे.
उन्होंने कहा कि शांति सैनिकों ने अफ़गानिस्तान के लोगों के लिए अपनी जान दी है.
जर्मनी के रक्षा मंत्री पीटर स्ट्रक ने भी इस आतंकवादी हमले की कड़ी आलोचना की है.
उन्होंने कहा कि इस घटना से साफ़ पता चलता है कि अफ़गानिस्तान अभी भी स्थायित्व और सुरक्षा से कितनी दूर है.
संघर्ष
इसके पहले पाकिस्तानी सीमा के निकट दक्षिणी अफ़ग़ानिस्तान में अफ़ग़ान सेना और तालेबान छापामारों के बीच ज़बर्दस्त संघर्ष हुआ था.
इसमें 47 तालेबान छापामार और छह अफ़ग़ान सैनिक मारे गए थे.
पिछले साल मार्च के बाद से देश में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में तालेबान सैनिक मारे गए थे. |
|
|
|