|
|
 |
बुधवार, 19 फरवरी, 2003 को 00:17 GMT तक के समाचार भूटानी शरणार्थियों की भूख हड़ताल
|

नेपाल में शिविरों में एक लाख भूटानी शरणार्थी रह रहे हैं
|
नेपाल में हज़ारों की संख्या में भूटानी शरणार्थी भूख हड़ताल पर हैं ताकि अपने देश में वापस लिए जाए की उनकी माँग पर भूटान सरकार ध्यान दे सके.
हड़ताल की ख़बर ऐसे समय आई है जब मंगलवार को जेनेवा में भूटान को आर्थिक सहायता देने वाले देश मिले हैं.
शरणार्थियों के नेता चाहते हैं कि ये सभी देश भूटान पर शरणार्थियों को वापस लेने का दबाव बनाएँ.
शरणार्थी अलग-अलग समूहों में पिछले महीने से ही धरनों का अटूट क्रम बनाए हुए हैं.
लगभग एक लाख भूटानी शरणार्थो जो नेपाली भाषा बोलते हैं पिछले एक दशक से नेपाल में संयुक्त राष्ट्र संघ के शिविरों में हैं. इन्हें भूटान से जबरन निकाल दिया गया था.
दोनों देशों के बीच इस मामले को सुल़झाने के कई असफल प्रयास हो चुके हैं.
शरणार्थियों के एक नेता रतन गज़मेर ने कहा कि यदि भूटान के प्रायोजक देश हस्तक्षेप करें तो इस मामले का निबटारा जल्दी हो सकता है.
आप्रवासी
नेपाल और भूटान के बीच की इस समस्या में आप्रवासियों का भाग्य अधर में लटक गया है.
एक तरफ नेपाल का दावा है कि उसके पास शरणार्थियों की भूटानी नागरिकता सिद्घ करने के लिए पर्याप्त प्रमाण हैं तो दूसरी तरफ भूटान का कहना है कि उन सभी आप्रवासियों ने आर्थिक कारणों से अपनी नागरिकता छोड़ी है.
वैसे दोनों देशों ने अबतक इस समस्या का कोई हल नहीं निकाला है लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि इस महीने की शुरुआत में उनके बीच हुई बातचीत कुछ सकारात्मक ज़रूर रही है.
दोनों देशों के विदेश मंत्री इस समस्या पर बातचीत करने के लिए अब अगले महीने एक बार फिर मिलेंगे. |
|
|
|