|
|
 |
सोमवार, 20 जनवरी, 2003 को 00:09 GMT तक के समाचार तंबाकू-मुक्त देश बनेगा भूटान
|

पहला धूम्रपान-मुक्त राष्ट्र बनने की भूटान की तैयारी
|
थिम्पू से डेनियल लैक
भूटान की सरकार ने देश को तंबाकू-मुक्त करने का इरादा व्यक्त किया है. ऐसा होने पर भूटान संभवत: दुनिया का पहला तंबाकू-मुक्त राष्ट्र होगा.
उल्लेखनीय है कि भूटान में धूम्रपान पर रोक की परंपरा रही है.
हिमालय की गोद में बसी इस राजशाही में सत्रहवीं सदी में तंबाकू सेवन पर रोक लगाया गया था. कुछ लोगों का मानना है कि परंपरा इससे भी पुरानी है.
 भूटान की बौद्ध परंपरा के ख़िलाफ़ है धूम्रपान | आधुनिक भूटान के संस्थापक योद्धा बौद्ध भिक्षु नवांग नाम्ग्याल ने सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान पर पहली बार रोक लगाई थी. उन्होंने सरकारी भवनों में तंबाकू सेवन पर प्रतिबंध लगा दिया था.
भूटान के स्वास्थ्य मंत्री सांगेय नेदुप देश में तंबाकू निषेध की परंपरा में विश्वास रखते हैं.
उन्होंने कहा, "भूटान में बौद्ध धर्म लाने वाले महान संत पद्मसंभव या गुरू रिम्पोछे ने भी कहा था कि धूम्रपान बुरा है और भगवान बुद्ध के किसी भी अनुयायी को धूम्रपान नहीं करना चाहिए."
नेदुप ने कहा, "हो सकता है उनका आशय अफ़ीम से हो, लेकिन हम उनके उपदेश को तंबाकू पर भी लागू करना चाहते हैं."
पत्रकारों से उन्होंने कहा कि तंबाकू पर प्रतिबंध की बात सरकार की ओर से नहीं आई है बल्कि स्थानीय समाज की ऐसी माँग है.
नेदुप के अनुसार सरकार सिर्फ लोगों की माँग को पूरा करने का काम करेगी.
परंपरा
राजधानी थिम्पू से दूर डोचु ला घाटी से होते हुए पत्रकारों को वांग्दु ज़िला ले जाया गया जहाँ तंबाकू सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित है.
अधिकारियों के अनुसार थिम्पू और आसपास के इलाक़ों में ही प्रतिबंधों का थोड़ा विरोध हुआ है.
वांग्दु के ज़िलाधिकारी पेम एल दोरजी ने कहा कि स्थानीय समुदाय के लोग उनके पास आए और धूम्रपान पर प्रतिबंध की माँग की.
दोरजी ने कहा, "मैंने कहा कि ये तो आप लोगों का काम है तो उन्होंने एक उपक़ानून बनाया. अब हम सिगरेट बेचने वालों को एक बार चेतावनी देने के बाद अगली बार से ज़ुर्माना लगा सकते हैं."
उनकी चिंता है कि पास ही थिम्पू ज़िले के एक इलाक़े में सिगरेट बेचना वैध है.
हालाँकि भूटान के 20 में से 18 ज़िलों में तंबाकू बेचने पर रोक लगी हुई है. यानि धूम्रपान प्रेमियों को अपनी लत पूरी करने उन दो ज़िलों तक जाना पड़ता है.
वैसे भी भूटान में तंबाकू का कोई भी उत्पाद नहीं बनाया जाता, यानि सिगरेट-बीड़ी या अन्य तंबाकू निर्मित पदार्थ आयातित होते हैं. |
|
|
 |
 |
इंटरनेट लिंक्स
 |
 |
भूटान पर्यटन |
बीबीसी अन्य वेब साइट की विषय सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है
 |
|